September 21, 2026

रायपुर। राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित कृषि उपज मंडी ग्राउंड में प्रसिद्ध भागवताचार्य एवं युवा आध्यात्मिक वक्ता इंद्रेश महाराज की सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 21 से 27 सितंबर तक किया जाएगा। कथा को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर बैठने, पार्किंग, पेयजल, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

कथा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह

आयोजन की प्रमुख सेवादारी गुंजन प्रजापति ने बताया कि इंद्रेश महाराज की कथा के प्रति श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। उन्होंने कहा कि उनकी वाणी में श्रीहरि की भक्ति, विचारों में सनातन संस्कृति और संदेशों में जीवन को सही दिशा देने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने बताया कि कथा के लिए कृषि उपज मंडी ग्राउंड का चयन इसलिए किया गया है, ताकि रायपुर शहर के साथ-साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिल सके और हजारों लोग व्यवस्थित तरीके से बैठकर कथा का श्रवण कर सकें।

वाटरप्रूफ पंडाल और पार्किंग की व्यवस्था

बारिश के मौसम को देखते हुए कथा स्थल पर वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया है। इसके अलावा पार्किंग, पेयजल, सुरक्षा सहित अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन को व्यवस्थित रूप देने के लिए सेवादारों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आयोजन समिति और स्वागत समिति के सदस्यों का भी गठन किया गया है।

आयोजकों के अनुसार मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, सांसद-विधायक, संत-महात्मा, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, शहर के विशिष्टजन, श्रद्धालु और मीडिया प्रतिनिधियों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों को आमंत्रित किया गया है।

बड़े प्रोजेक्टर और साउंड सिस्टम की व्यवस्था

कथा स्थल पर बड़े प्रोजेक्टर और साउंड सिस्टम की व्यवस्था की गई है, ताकि दूर बैठे श्रद्धालु भी कथा का श्रवण और व्यासपीठ के दर्शन कर सकें। आयोजकों का कहना है कि धर्मप्रेमी लोग स्वयं आगे आकर सेवा की जिम्मेदारी लेने के लिए उत्सुकता दिखा रहे हैं।

21 सितंबर को निकलेगी भव्य कलश यात्रा

श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से पहले 21 सितंबर को सुबह 11 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा श्रीराम मंदिर, कृषि उपज मंडी से शुरू होकर कथा स्थल तक पहुंचेगी।

कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा।

किस दिन कौन-सा प्रसंग

  • 22 सितंबर: ध्रुव चरित्र
  • 23 सितंबर: प्रहलाद चरित्र
  • 24 सितंबर: श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
  • 25 सितंबर: श्री गोवर्धन लीला महोत्सव
  • 26 सितंबर: श्रीकृष्ण-रुक्मिणी महोत्सव
  • 27 सितंबर: कथा विश्रांति एवं पूर्णाहुति

27 सितंबर को कथा विश्रांति दिवस पर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक कथा विश्राम, पूर्णाहुति, आरती, महाप्रसादी वितरण और आशीर्वचन का कार्यक्रम होगा।

कम उम्र के लोकप्रिय कथावाचकों में शामिल हैं इंद्रेश महाराज

इंद्रेश महाराज का नाम युवा पीढ़ी के चर्चित कथावाचकों में लिया जाता है। आयोजकों के अनुसार उनका सरल और मधुर स्वभाव कथा के दौरान श्रद्धालुओं को सहज रूप से जोड़ता है। भक्ति और संगीत के माध्यम से वे कथा को प्रस्तुत करते हैं, जिसमें श्रद्धालु भी भक्ति भाव में शामिल होते हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी उनके बड़ी संख्या में अनुयायी हैं। ‘भक्तिपथ’ नाम से उनका यूट्यूब चैनल भी लोकप्रिय बताया जाता है। रायपुर में उनके श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *