November 24, 2026

कांकेर। जिला मुख्यालय स्थित विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता कार्यालय में त्योहार के अवसर पर मिठाई के डिब्बों की जगह शराब की बोतलें बांटे जाने का मामला सामने आया है। कांग्रेस नेताओं ने इसका खुलासा करने का दावा करते हुए विभाग में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने मौके से शराब की बोतलें जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

कांग्रेस ने लगाया शराब की बोतलें बांटने का आरोप

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि त्योहार के मौके पर विद्युत विभाग में अधिकारियों को उपहार के तौर पर मिठाई के डिब्बों की जगह शराब की बोतलें दी जा रही थीं। पार्टी नेताओं ने इसे विभाग में कथित अनियमितता और भ्रष्टाचार से जोड़ते हुए प्रशासन से शिकायत करने की बात कही है।

कार्यपालन अभियंता को पूछताछ के लिए थाने ले गई पुलिस

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस कार्यपालन अभियंता को पूछताछ के लिए कोतवाली थाना ले गई। इसके बाद विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए। पुलिस ने कार्यालय से मिली शराब की बोतलों को जांच के लिए जब्त कर लिया है।

अधिकारी बोले- बोतलें कार्यालय में कहां से आईं, जानकारी नहीं

विद्युत विभाग के अधिकारी ने कहा कि उन्हें जानकारी नहीं है कि शराब की बोतलें कार्यालय में कहां से आईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस उन्हें अपनी गाड़ी में थाने लेकर गई और इस दौरान उनके साथ अभद्रता की गई। अधिकारी ने इस व्यवहार को अशोभनीय बताया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *