भोपाल। राजधानी भोपाल में पुलिस विभाग ने कटारा हिल्स थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील दुबे को निलंबित कर दिया है। क्षेत्र में देर रात जुए के खिलाफ हुई कार्रवाई के दौरान उनके कथित संदिग्ध आचरण को लेकर यह कदम उठाया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निलंबन के आदेश जारी किए हैं।

जुए की कार्रवाई के दौरान भूमिका पर उठे सवाल
जानकारी के मुताबिक, कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में पुलिस ने देर रात जुए के खिलाफ कार्रवाई की थी। इस दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील दुबे की भूमिका और आचरण को संदिग्ध पाया गया। इसके बाद उच्च अधिकारियों ने उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।
हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कार्रवाई के दौरान उनकी ओर से किस तरह की अनियमितता या लापरवाही सामने आई थी।
पहले भी थाना प्रभारियों पर हो चुकी है कार्रवाई
भोपाल में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बाद संदिग्ध आचरण और प्रशासनिक लापरवाही के मामलों में पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाती रही है। कटारा हिल्स TI से पहले कोतवाली और बजरिया थाना प्रभारियों के खिलाफ भी कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई थी।
लगातार थाना प्रभारियों पर हो रही कार्रवाई से पुलिस विभाग में हलचल है।