November 20, 2026

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले के आरोपी सौरभ चंद्राकर को इंडिगो की फ्लाइट 6E2307 से रायपुर लाया गया है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद CBI उसे रायपुर लेकर पहुंची है। उसे 4 नवंबर 2026 को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया जाना है।

ओमान से प्रत्यर्पण के बाद दिल्ली कोर्ट में हुई पेशी

सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद CBI ने 2 नवंबर 2026 को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया था। विशेष न्यायाधीश निखिल चोपड़ा की अदालत में CBI ने उसे रायपुर ले जाने के लिए दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मांगी थी। सुनवाई के दौरान अभियोजन और बचाव पक्ष के बीच लंबी बहस हुई।

प्रत्यर्पण की शर्तों पर फैसला रायपुर कोर्ट करेगी

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने कहा कि उसके सामने फिलहाल ट्रांजिट रिमांड का सवाल है। प्रत्यर्पण की शर्तों के तहत सौरभ चंद्राकर के खिलाफ CBI मामले में मुकदमा चलाया जा सकता है या नहीं, इस पर निर्णय रायपुर की संबंधित विशेष अदालत करेगी।

अदालत ने दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर करते हुए सौरभ चंद्राकर को 4 नवंबर तक रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश करने का निर्देश दिया था। प्रत्यर्पण की शर्तों और मुकदमे की वैधता से जुड़े सवालों पर निर्णय ट्रायल कोर्ट के लिए छोड़ा गया है।

CBI की पूछताछ पर नजर

रायपुर में पेशी के बाद CBI सौरभ चंद्राकर से मामले से जुड़े तथ्यों पर पूछताछ कर सकती है। जांच में सामने आने वाली जानकारी और अदालत की आगे की कार्यवाही पर अब नजर रहेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *