November 25, 2026

ग्वालियर। शादी का झांसा देकर म्यांमार मूल की चार युवतियों को अवैध तरीके से भारत लाने वाले नेटवर्क के खुलासे के बाद अब उन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ग्वालियर GRP की छह सदस्यीय विशेष टीम चारों युवतियों को लेकर बांग्लादेश के लिए रवाना हो चुकी है। वहां उन्हें सीमा सुरक्षा बल (BSF) के हवाले किया जाएगा। इसके बाद उन्हें बांग्लादेश के रिफ्यूजी कैंप भेजने की तैयारी है।

इस मामले में पुलिस ने दो विदेशी नागरिकों को भी गिरफ्तार किया था, जो हैदराबाद में शरणार्थी बनकर रह रहे थे। आरोप है कि दोनों ने शादी कराने के नाम पर चारों युवतियों को अवैध तरीके से भारत लाया था।

स्वर्णजयंती एक्सप्रेस में संदिग्धों की सूचना पर हुई कार्रवाई

दरअसल, भोपाल स्थित GRP कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि स्वर्णजयंती एक्सप्रेस में कुछ संदिग्ध यात्रा कर रहे हैं। इसके बाद GRP ग्वालियर की टीम ने ट्रेन में कार्रवाई कर मुबीन नाम के युवक को पकड़ा। वह मूल रूप से म्यांमार का निवासी है और हैदराबाद में रह रहा था।

पूछताछ में मुबीन ने अपने साथी मोहम्मद हसन के साथ मिलकर म्यांमार की चार युवतियों को अवैध तरीके से भारत लाने और उनकी शादी कराने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने अलीगढ़ से मोहम्मद हसन और उसके साथ मौजूद चारों युवतियों को हिरासत में लिया।

नदी और पहाड़ों के रास्ते सीमा पार करने का दावा

जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी शादी कराने के नाम पर युवतियों को भारत लेकर आए थे। युवतियां हिंदी नहीं बोल पाती थीं, इसलिए पुलिस को पूछताछ के दौरान गूगल ट्रांसलेटर की मदद लेनी पड़ी।

युवतियों ने पूछताछ में बताया था कि वे नदी और पहाड़ों के रास्ते सीमा पार कर भारत में दाखिल हुई थीं। मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब युवतियों को वापस भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

मानव तस्करी नेटवर्क को लेकर उठे सवाल

ग्वालियर GRP की छह सदस्यीय टीम चारों युवतियों को लेकर बांग्लादेश सीमा की ओर रवाना हुई है। वहां उन्हें BSF के सुपुर्द किया जाएगा और आगे रिफ्यूजी कैंप भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

इस मामले ने सीमा पार से मानव तस्करी और शादी का झांसा देकर विदेशी युवतियों को भारत लाने वाले नेटवर्क की गतिविधियों पर सवाल खड़े किए हैं। जांच एजेंसियों के सामने अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसके पीछे सक्रिय गिरोह का पता लगाने की चुनौती है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *