November 27, 2026

भोपाल। रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी वरुण कुमार ने पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने हत्या करना कबूल करते हुए बताया कि वह लगातार मिलने वाले तानों और अपमान से कुंठित था। इसी वजह से उसने राकेश अग्रवाल की हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने घर में गैस सिलेंडर फटने जैसी स्थिति बनाने की कोशिश भी की थी।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह राकेश अग्रवाल के घर नौकरी पर उनकी नेम प्लेट देखकर आया था। शुरुआत में उसका इरादा रुपये लूटने का था। हत्या वाले दिन रात करीब 12 बजे दवा देने में देरी होने पर अग्रवाल ने उसे डांटा और वहां से चले जाने को कहा था। इसके करीब दो घंटे बाद उसने उनकी हत्या कर दी।

सिलेंडर की पाइप काटी, चालू प्रेस छोड़कर भागा

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने घर में विस्फोट जैसी स्थिति पैदा करने का इंतजाम किया था। उसने गैस सिलेंडर की पाइप काट दी और कपड़े पर चालू प्रेस छोड़ दी, ताकि सिलेंडर में आग लगने से विस्फोट हो सके।

वारदात के बाद वरुण सुबह 4:12 बजे केरल एक्सप्रेस से भोपाल से निकल गया। पूछताछ में उसने कथित तौर पर कहा कि वह हर दो दिन में अपना ठिकाना बदल रहा था, ताकि पुलिस उसे पकड़ न सके।

चार राज्यों के कई शहरों में काटी फरारी

आरोपी ग्वालियर से आगरा, मथुरा और वृंदावन होते हुए दिल्ली पहुंचा। इसके बाद हरिद्वार, नैनीताल, ऋषिकेश और मनाली समेत कई शहरों में रहा। इस दौरान वह कबाड़ बेचकर गुजारा करता था और फुटपाथ पर सोता था। पुलिस के मुताबिक, वह राकेश अग्रवाल का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गया था और उसे बार-बार ऑन-ऑफ कर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहा था।

दो दिन पहले ही रखा था घर पर नौकर

गौरतलब है कि 30 सितंबर को भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र के सूरजनगर में रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की उनके घर में हत्या कर दी गई थी। वह पत्नी के साथ रहते थे। वारदात से दो दिन पहले ही उन्होंने वरुण कुमार को घर पर काम के लिए रखा था। हत्या के बाद से आरोपी फरार था।

आगरा से गिरफ्तारी, भागने की कोशिश में लगी गोली

पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के आगरा से गिरफ्तार किया था। भोपाल के रातीबड़ थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों की टीम उसे लेकर भोपाल लौट रही थी। इसी दौरान तड़के करीब 4:45 से 5 बजे के बीच मुगलिया छाप के पास आरोपी ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की।

पुलिस के मुताबिक, इस दौरान आरोपी और पुलिसकर्मियों के बीच झूमाझटकी हुई, जिसके बाद पुलिस ने गोली चलाई। शॉर्ट एनकाउंटर में घायल वरुण को भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद घटनास्थल पर वारदात का सीन रीक्रिएट कराया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *