November 29, 2026

ग्वालियर। मध्य प्रदेश में पुरानी पेंशन योजना (OPS) की मांग को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे शिक्षकों और अध्यापकों के लिए ग्वालियर हाईकोर्ट से बड़ी राहत की खबर सामने आई है। वरिष्ठता और पेंशन से जुड़े मामले में अदालत ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार शिक्षकों की पिछली सेवाओं को मान्य कर उन्हें क्रमोन्नति और वरिष्ठता का लाभ दे रही है, तो पेंशन के मामले में भी उस सेवा अवधि की अनदेखी नहीं की जा सकती।

इस फैसले से वर्ष 1998 से 2005 के बीच पंचायत और नगरीय निकायों के माध्यम से नियुक्त हुए 99 हजार से अधिक अध्यापकों और शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ मिलने की संभावना जताई जा रही है।

‘नई नियुक्ति’ मानने की सरकारी दलील खारिज

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से दलील दी गई थी कि वर्ष 2018 में नवीन शैक्षणिक संवर्ग में संविलियन के बाद शिक्षकों को नई नियुक्ति माना गया। इसी आधार पर उन्हें पुरानी पेंशन योजना के दायरे से बाहर रखा गया था।

हालांकि, हाईकोर्ट ने इस तर्क को स्वीकार नहीं किया। अदालत ने शिक्षकों की मूल नियुक्ति और उनकी पूर्व सेवाओं की निरंतरता को महत्वपूर्ण माना।

1 जनवरी 2005 की कटऑफ का मामला

मध्य प्रदेश में 1 जनवरी 2005 या उसके बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए नई पेंशन योजना (NPS) लागू की गई थी। वहीं, संबंधित शिक्षकों की मूल नियुक्तियां वर्ष 1998 से 2003 के बीच शिक्षाकर्मी के रूप में हुई थीं।

ऐसे में हाईकोर्ट ने उनकी पहली नियुक्ति की तारीख को आधार माना है। इससे 2005 से पहले नियुक्त हुए शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन का दावा मजबूत हुआ है।

वरिष्ठता और क्रमोन्नति का लाभ भी बना आधार

अदालत के फैसले का महत्वपूर्ण पहलू यह है कि सरकार जब शिक्षकों की पिछली सेवा अवधि को जोड़कर उन्हें वरिष्ठता और क्रमोन्नति का लाभ दे रही है, तो उसी सेवा अवधि को पेंशन की पात्रता तय करते समय भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

99 हजार से अधिक शिक्षकों पर पड़ सकता है असर

इस फैसले से प्रदेश के पंचायत और नगरीय निकायों में नियुक्त करीब 99 हजार से अधिक अध्यापकों और शिक्षकों को लाभ मिलने की संभावना है। लंबे समय से पुरानी पेंशन की मांग कर रहे इन कर्मचारियों के लिए यह निर्णय महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हालांकि, सभी पात्र शिक्षकों को पुरानी पेंशन का लाभ कब और किस प्रक्रिया के तहत मिलेगा, यह आदेश के क्रियान्वयन और शासन की आगे की कार्रवाई पर निर्भर करेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *