November 11, 2026

विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले की शमशाबाद तहसील के ग्राम हिनोतियामाली स्थित सगड़ बांध में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। बांध में नहाने गए दो नाबालिग गहरे पानी में डूब गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए अंकित राजपूत को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरा किशोर लाखन सिंह पानी में लापता हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची SDRF की टीम ने लापता किशोर की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

अंधेरा होने पर रोकना पड़ा अभियान

SDRF की टीम ने सोमवार शाम करीब 7 बजे तक बांध में तलाश अभियान चलाया, लेकिन लाखन सिंह का पता नहीं चल सका। रात में अंधेरा बढ़ने के कारण बचाव अभियान अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।

इसके बाद मंगलवार सुबह SDRF की टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम बांध के गहरे पानी में किशोर की तलाश कर रही है।

20 घंटे बाद भी नहीं मिला किशोर का सुराग

हादसे के 20 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी लापता लाखन सिंह का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। SDRF की टीम लगातार तलाश में जुटी हुई है।

घटना के बाद से गांव और आसपास के इलाके में चिंता का माहौल है। वहीं, लापता किशोर के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *