बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल में आसाराम बापू की पुस्तक बांटे जाने का मामला सामने आया है। मिडिल स्कूल के विद्यार्थियों को ‘संस्कार सरिता’ नाम की किताब वितरित किए जाने के आरोप के बाद अभिभावकों ने नाराजगी जताई। शिकायत मिलने पर जिला शिक्षा विभाग ने मामले की जांच कराई। जांच प्रतिवेदन और समिति की अनुशंसा के आधार पर स्कूल के प्रभारी प्राचार्य महेश कुमार प्रजापति को उनके पद से हटा दिया गया है।

जांच रिपोर्ट के बाद शिक्षा विभाग ने की कार्रवाई
मामले में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) बलरामपुर-रामानुजगंज नरेंद्र निपूरे ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी, वाड्रफनगर से जांच रिपोर्ट मांगी थी। विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने 27 अक्टूबर 2026 को अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
जांच समिति की अनुशंसा के आधार पर 28 अक्टूबर को कार्रवाई का आदेश जारी किया गया। आदेश में विद्यालय की प्रशासनिक और शैक्षणिक व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित करने के उद्देश्य से प्रभारी प्राचार्य महेश कुमार प्रजापति को उनके दायित्व से मुक्त करने का उल्लेख किया गया है।
दुलेश्वर सिंह को सौंपी गई प्रभारी प्राचार्य की जिम्मेदारी
जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश के अनुसार, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जनकपुर के व्याख्याता एलबी दुलेश्वर सिंह को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, रघुनाथनगर के प्रभारी प्राचार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, महेश कुमार प्रजापति को तत्काल संयुक्त जिला कार्यालय बलरामपुर की शिक्षा शाखा में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
‘संस्कार सरिता’ पुस्तक वितरण पर उठा था विवाद
गौरतलब है कि स्कूल में मिडिल कक्षा के विद्यार्थियों को ‘संस्कार सरिता’ पुस्तक बांटे जाने को लेकर अभिभावकों ने आपत्ति जताई थी। शिकायत सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई। फिलहाल, प्रभारी प्राचार्य को पद से हटाने की कार्रवाई के बाद यह मामला शिक्षा विभाग में चर्चा का विषय बना हुआ है।