September 15, 2026

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले की देवसर विधानसभा क्षेत्र के गन्नई में आयोजित जन विश्वास अभियान शिविर के दौरान जमकर हंगामा हो गया। शिविर के दौरान दो युवक हाथों में लाठी लेकर दंडाधिकारी और देवसर एसडीएम डॉ. सुशिर श्रीकृष्ण श्रीराम के वाहन के सामने खड़े हो गए। युवकों ने अधिकारियों का रास्ता रोककर अपने इलाके की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाए।

जर्जर स्कूल और आंगनबाड़ी भवन को लेकर जताई नाराजगी

बताया गया कि युवकों की मुख्य मांग थी कि प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर जर्जर सरकारी स्कूल और आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण करें। उनका कहना था कि इन भवनों की हालत बेहद खराब है और यहां पढ़ने वाले मासूम बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना हुआ है।

युवकों ने अधिकारियों से सवाल किया कि जब सरकारी भवनों की हालत लंबे समय से खराब है, तो उनकी मरम्मत या वैकल्पिक व्यवस्था के लिए अब तक ठोस कदम क्यों नहीं उठाए गए।

SDM ने युवकों को समझाने की कोशिश की

हंगामे के दौरान देवसर एसडीएम डॉ. सुशिर श्रीकृष्ण श्रीराम युवकों को समझाते हुए नजर आए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जन विश्वास शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करना है। ऐसे में शिविर के दौरान ही ग्रामीणों को अधिकारी की गाड़ी रोककर अपनी समस्याएं बतानी पड़ें, तो प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।

फिलहाल पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। जर्जर स्कूल और आंगनबाड़ी भवन को लेकर प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *