November 27, 2026

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में श्रमिकों के आंदोलन का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। परफेक्ट सिक्योरिटी एजेंसी के 66 श्रमिकों के समर्थन में उनके परिजनों और स्थानीय लोगों ने सरई थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने थाना प्रभारी को हटाने और आंदोलन के दौरान कथित रूप से मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप है कि श्रमिक अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन पर बल प्रयोग किया।

इससे पहले श्रमिकों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर अंकित अस्थाना से शिकायत की थी। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोई ठोस निर्णय नहीं होने के विरोध में श्रमिकों, उनके परिजनों और स्थानीय लोगों ने देर शाम सरई थाने के सामने धरना शुरू कर दिया।

कलेक्टर ने पीड़ित श्रमिकों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जांच में यदि श्रमिकों की गलती पाई जाती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, खनुआ तिराहा पेट्रोल पंप के पास 66 श्रमिक सिक्योरिटी एजेंसी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। उनकी मांग थी कि उन्हें नियमित ड्यूटी दी जाए और मजदूरी के भुगतान से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाए। इसी दौरान पुलिस पर प्रदर्शनकारियों के साथ लाठीचार्ज और मारपीट करने के आरोप लगे।

प्रदर्शनकारी सिक्योरिटी एजेंसी की भूमिका की जांच और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। थाने का घेराव करने पहुंचे लोगों ने भाजपा मंडल अध्यक्ष केडी वैश्य और रामधनी यादव की भूमिका पर भी सवाल उठाए। आरोप लगाया गया कि दोनों के कहने पर पुलिस ने आंदोलनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग किया। प्रदर्शनकारियों ने इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

10 दिन में जांच रिपोर्ट सौंपेंगे एडिशनल एसपी

प्रदर्शन के दौरान थाना प्रभारी को हटाने, संबंधित पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई करने और दोनों मंडल अध्यक्षों की भूमिका की जांच की मांग उठाई गई।

पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम. और कलेक्टर के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। एसडीओपी गायत्री तिवारी ने धरना स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों और पीड़ितों को बताया कि एडिशनल एसपी 10 दिनों के भीतर मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपेंगे। इसके बाद कांग्रेस के नेतृत्व में चल रहा धरना समाप्त हुआ।

अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *