November 17, 2026

रायपुर। अहिवारा से भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का पार्थिव शरीर हैदराबाद से रायपुर पहुंच गया। रायपुर एयरपोर्ट परिसर स्थित स्टेट हैंगर में प्रदेश के मंत्रियों, भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद रहे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद पार्थिव शरीर को दुर्ग-भिलाई के लिए रवाना किया गया। उनका अंतिम संस्कार दुर्ग जिले के गुंडरदेही क्षेत्र स्थित पैतृक गांव भेण्ड्रा में किया जाएगा।

मंत्रियों और नेताओं ने दी अंतिम विदाई

स्टेट हैंगर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, मंत्री रामविचार नेताम और भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि दी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कई विधायकों ने भी उन्हें अंतिम विदाई दी।

हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में चल रहा था इलाज

डोमनलाल कोर्सेवाड़ा पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे। वे फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित थे और हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। 78 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया। उनके निधन से अहिवारा विधानसभा क्षेत्र, दुर्ग-भिलाई और प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में शोक है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई नेताओं ने उनके निधन पर दुख जताया है।

शिक्षक से विधायक तक का सफर

12 अगस्त 1948 को जन्मे डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से राजनीति शास्त्र में स्नातकोत्तर की पढ़ाई की थी। उन्होंने बीएड भी किया था। राजनीति में आने से पहले वे शिक्षा विभाग में व्याख्याता थे। वर्ष 1998 में सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा। 1999 में उन्होंने दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के तत्कालीन सांसद के निजी सहायक के रूप में भी काम किया।

तीन बार अहिवारा से चुनाव लड़ा, दो बार बने विधायक

वर्ष 2008 में भाजपा के टिकट पर कोर्सेवाड़ा पहली बार अहिवारा से विधायक चुने गए। 2018 में पार्टी ने उन्हें फिर चुनाव मैदान में उतारा, लेकिन इस बार कांग्रेस के गुरु रुद्र कुमार ने जीत दर्ज की।

वर्ष 2023 में भाजपा ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया। इस चुनाव में कोर्सेवाड़ा ने कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल कोसरे को 25,263 वोटों से हराया। उन्हें 96,717 वोट मिले, जबकि निर्मल कोसरे को 71,454 मत प्राप्त हुए।

अपने पहले विधायक कार्यकाल के दौरान वर्ष 2010 में उन्हें छत्तीसगढ़ विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष बनाया गया था। इस पद पर उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी मिला था। इसके अलावा उन्होंने विधानसभा की विभिन्न समितियों में भी जिम्मेदारी निभाई।

अक्टूबर 2025 में राज्य सरकार ने उन्हें अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया था। उन्होंने नवंबर 2025 में इस पद का कार्यभार संभाला था।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *