November 29, 2026

जबलपुर। मध्य प्रदेश के अनुदान प्राप्त (एडेड) स्कूलों के शिक्षकों को सातवें वेतनमान का लाभ नहीं दिए जाने के मामले में हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को जवाब दाखिल करने का अंतिम अवसर दिया है। अदालत ने चेतावनी दी है कि तय समय-सीमा में आदेश का पालन नहीं हुआ, तो स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव और लोक शिक्षण आयुक्त सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से पेश होना पड़ सकता है।

जस्टिस दीपक खोट की एकलपीठ में सुनवाई

मामले की सुनवाई जस्टिस दीपक खोट की एकलपीठ में हुई। जबलपुर निवासी शिक्षक राजेन्द्र तिवारी ने याचिका दायर कर अनुदान प्राप्त स्कूलों के शिक्षकों को सातवें वेतनमान का लाभ देने की मांग की है।

याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता रोहिणी प्रसाद तिवारी ने अदालत को बताया कि शिक्षक पिछले 10 वर्षों से सातवें वेतनमान के लाभ का इंतजार कर रहे हैं। उनके अनुसार, राज्य सरकार की ओर से बार-बार समय लिए जाने के बावजूद न तो जवाब दाखिल किया गया है और न ही अदालत के आदेशों का पालन हुआ है।

अगली सुनवाई 14 दिसंबर से शुरू होने वाले सप्ताह में

मामले में राज्य सरकार के रुख पर नाराजगी जताते हुए हाईकोर्ट ने कहा कि अगली सुनवाई तक आदेश के पालन की रिपोर्ट या संतोषजनक जवाब प्रस्तुत किया जाए। ऐसा नहीं होने पर स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव और लोक शिक्षण आयुक्त को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देना होगा।

मामले की अगली सुनवाई 14 दिसंबर से शुरू होने वाले सप्ताह में निर्धारित की गई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *