सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिला मुख्यालय के पास सेकड़ा खेड़ी में आवारा कुत्तों के झुंड ने दो मासूम बच्चों पर हमला कर दिया। कुत्तों ने दोनों बच्चों को बुरी तरह नोचकर घायल कर दिया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह कुत्तों को खदेड़कर उनकी जान बचाई। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

बच्चों की आवाज सुनकर लाठियां लेकर दौड़े ग्रामीण
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों बच्चे रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान आवारा कुत्तों के झुंड ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया। कुत्तों के हमले से बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे।
आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण लाठियां लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी मशक्कत के बाद कुत्तों को वहां से भगाया और बच्चों को उनके चंगुल से छुड़ाया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर मदद नहीं पहुंचती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
जिला अस्पताल में दोनों बच्चों का इलाज जारी
हमले में घायल दोनों बच्चों को तत्काल सीहोर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है। कुत्तों के काटने से बच्चों के शरीर पर गहरे घाव आए हैं। घटना के बाद दोनों बच्चे सहमे हुए हैं।
आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर पालिका और जिला प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि सीहोर शहर और आसपास के इलाकों में आवारा कुत्तों के झुंड लगातार घूमते रहते हैं। इससे बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को खतरा बना रहता है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।