इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज इंदौर पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने इंदौर मेट्रो के विस्तारित चरण का विधिवत शुभारंभ किया। अब तक इंदौर में करीब 6 किलोमीटर के दायरे में मेट्रो का संचालन हो रहा था, जिसका विस्तार बढ़ाकर करीब 17 किलोमीटर किया गया है।
इंदौर को मिली मेट्रो की नई सौगात
इंदौर पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज इंदौर को एक नई सौगात मिल रही है। उन्होंने कहा कि मेट्रो की शुरुआत के बाद अब इसका विस्तार 17 किलोमीटर तक किया जा रहा है, जो शहर के लिए खुशी की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर प्रदेश का आर्थिक रूप से समृद्ध और महत्वपूर्ण शहर है। ऐसे में शहरवासियों के साथ बाहर से आने वाले लोगों के लिए भी सुगम आवागमन जरूरी है। मेट्रो इस दिशा में महत्वपूर्ण साधन साबित होगी।
उन्होंने इंदौरवासियों को मेट्रो के विस्तारित चरण की सौगात के लिए शुभकामनाएं दीं।
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस पर निशाना
इंदौर में कांग्रेस के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। कार्यक्रम में राहुल गांधी के शामिल होने की चर्चा के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस के पुराने शासनकाल को लेकर निशाना साधा।
सीएम ने कहा कि विपक्ष के नेता के तौर पर राहुल गांधी मध्यप्रदेश आ रहे हैं तो उनका स्वागत है, लेकिन कांग्रेस को अपने शासनकाल में युवाओं के साथ हुए कथित अन्याय के लिए माफी मांगनी चाहिए।
बिजली और प्रति व्यक्ति आय के आंकड़ों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1955 से 2003 तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार रही। इस दौरान किसान, महिला और युवाओं की स्थिति को लेकर कांग्रेस को जवाब देना चाहिए।
उन्होंने बिजली उत्पादन और प्रति व्यक्ति आय के आंकड़ों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में प्रदेश की बिजली उत्पादन क्षमता करीब 5 हजार मेगावाट थी, जो बाद की सरकारों के कार्यकाल में बढ़कर करीब 25 हजार मेगावाट और वर्तमान सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में 31 हजार मेगावाट तक पहुंची है।
सीएम ने दावा किया कि 55 साल में प्रति व्यक्ति आय करीब 11,700 रुपये थी, जो अब बढ़कर करीब 1.67 लाख रुपये हो गई है। उन्होंने कांग्रेस से अपने पुराने कार्यकाल को लेकर माफी मांगने की बात कही।
शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को दी शुभकामनाएं
आज शिक्षक दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शिक्षा और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए सभी शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।