November 27, 2026

उज्जैन। मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन के कलेक्ट्रेट परिसर में गुरुवार को लोकायुक्त पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ADM कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी रोहित गोठवाल को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। कलेक्ट्रेट के भीतर हुई इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

फर्जी उज्ज्वला गैस कनेक्शन की शिकायत से जुड़ा मामला

जानकारी के मुताबिक, नागदा के बिरलाग्राम निवासी बृजेश विश्वकर्मा ने 29 अक्टूबर 2026 को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित से रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी।

शिकायतकर्ता का आरोप था कि उनकी मां के व्यक्तिगत दस्तावेजों का दुरुपयोग कर किसी अन्य अज्ञात व्यक्ति के नाम पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत फर्जी गैस कनेक्शन जारी कर दिया गया था। उन्होंने इस मामले की शिकायत कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में की थी। इसके बाद जांच खाद्य विभाग को सौंपी गई।

खाद्य विभाग ने जांच रिपोर्ट तैयार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए फाइल ADM कार्यालय भेजी थी।

फाइल पर कार्रवाई के बदले मांगी रिश्वत

आरोप है कि ADM कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी रोहित गोठवाल ने शिकायतकर्ता के पक्ष में कार्रवाई करने और मामले का निपटारा कराने के बदले 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। परेशान होकर बृजेश विश्वकर्मा ने लोकायुक्त से शिकायत की।

लोकायुक्त टीम ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई की योजना बनाई गई।

20 हजार रुपये लेते ही पकड़ा

गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को लोकायुक्त की टीम ने कलेक्ट्रेट स्थित ADM कार्यालय में दबिश दी। शिकायतकर्ता ने जैसे ही आरोपी कर्मचारी को 20 हजार रुपये नकद दिए, पहले से तैयार टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

यह कार्रवाई लोकायुक्त संगठन के महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन और डीआईजी मनोज कुमार सिंह तथा उज्जैन लोकायुक्त एसपी विनोद कुमार दीक्षित के मार्गदर्शन में की गई।

लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *