रायपुर। बूढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में शुक्रवार शाम तीन दिवसीय ‘क्रेडाई प्रॉपर्टी एक्सपो 2026’ का शुभारंभ हुआ। एक्सपो में छत्तीसगढ़ के 50 बिल्डर एक ही मंच पर अपने 250 से अधिक प्रोजेक्ट्स के साथ शामिल हुए हैं। यह प्रॉपर्टी फेयर 20 सितंबर तक चलेगा। आयोजकों के मुताबिक, एक्सपो में लोगों को उनके बजट और जरूरत के अनुसार फ्लैट, बंगला, मकान, विला, प्लॉट और कमर्शियल स्पेस सहित प्रॉपर्टी के विभिन्न विकल्प मिल रहे हैं।

एक्सपो के पहले दिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। आयोजकों के अनुसार, बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को रजिस्ट्री और स्टाम्प ड्यूटी में 50 प्रतिशत की छूट का लाभ मिल रहा है। पहले दिन विभिन्न प्रॉपर्टी सेगमेंट में बुकिंग होने की जानकारी भी दी गई।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ एक्सपो का शुभारंभ
क्रेडाई प्रॉपर्टी एक्सपो का उद्घाटन भारतीय संस्कृति और परंपरा के अनुरूप दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद क्रेडाई पदाधिकारियों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
उद्घाटन समारोह में पूर्व मंत्री एवं विधायक राजेश मूणत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विधायक सुनील सोनी और महापौर मीनल चौबे विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहीं।
पंकज लाहोटी बोले- एक्सपो को सुनहरे भविष्य से जोड़ने का प्रयास
स्वागत भाषण में क्रेडाई अध्यक्ष पंकज लाहोटी ने कहा कि यह क्रेडाई के सातवें संस्करण का आयोजन है। उन्होंने कहा कि रायपुर और छत्तीसगढ़ ने संगठन को बहुत कुछ दिया है और इसलिए यह अवसर उनके लिए विशेष है।
लाहोटी ने कहा कि अगले तीन दिनों तक प्रयास रहेगा कि यह आयोजन सिर्फ प्रॉपर्टी एक्सपो तक सीमित न रहे, बल्कि लोगों को बेहतर और सुनहरे भविष्य से जुड़ने का अवसर भी मिले। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक्सपो सफल आयोजन के रूप में अपनी नई पहचान बनाएगा।
विकसित रायपुर के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा: मीनल चौबे
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि हर व्यक्ति का सपना अपना घर बनाने का होता है और बिल्डर एक्सपो के माध्यम से लोगों के इस सपने को पूरा करने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बिल्डरों की जिम्मेदारी जहां समाप्त होती है, उसके बाद शहर की बाहरी सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी नगर निगम की होती है। चौबे के मुताबिक, बड़े शहरों की तुलना में रायपुर नगर निगम में बिल्डरों को अप्रूवल जल्द मिलने की व्यवस्था है। यदि बिल्डरों को किसी तरह की समस्या आती है तो नगर निगम उन्हें आमंत्रित कर उसका समाधान करने के लिए तैयार है।
महापौर ने कहा कि रायपुर को विकसित शहर बनाने के लिए नगर निगम हरसंभव सहयोग करेगा, ताकि लोगों को बेहतर और किफायती आवास उपलब्ध हो सके।
राजेश मूणत बोले- रायपुर के विस्तार के साथ बढ़ीं चुनौतियां
मुख्य अतिथि राजेश मूणत ने अपने संबोधन में कहा कि वह पहले बिल्डर के रूप में बिल्डरों की बात करते थे, जबकि अब जनप्रतिनिधि के तौर पर जनता और सरकार की बात करते हैं।
उन्होंने रायपुर के बदलते स्वरूप का उल्लेख करते हुए कहा कि शहर का विस्तार तेजी से हो रहा है। दलदल सिवनी, आमासिवनी और कचना जैसे क्षेत्रों में आवासीय निर्माण बढ़ा है। उन्होंने कहा कि शहर का मध्य हिस्सा काफी घना हो चुका है और नए प्रोजेक्ट्स का विस्तार दूसरे क्षेत्रों की ओर हो रहा है।
मूणत ने कहा कि विकास के साथ समस्याएं भी आती हैं, लेकिन उनके समाधान की जरूरत होती है। उन्होंने ट्रैफिक, पेयजल और ड्रेनेज जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर जनप्रतिनिधियों और बिल्डरों से मिलकर काम करने की बात कही।
‘रायपुर को सुंदर और स्वच्छ बनाने का संकल्प लें’
राजेश मूणत ने कहा कि आने वाले समय में रायपुर में और विकास की संभावनाएं हैं। शहर का विस्तार होगा, लेकिन इसके साथ मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और बिल्डर मिलकर शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने का संकल्प लें तो रायपुर को बेहतर शहर के रूप में विकसित किया जा सकता है। उन्होंने क्रेडाई टीम को एक्सपो के आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि इसके माध्यम से लोगों के अपने आशियाने का सपना पूरा करने में मदद मिलेगी।
RERA और बैंक स्टॉल पर भी ग्राहकों की पूछताछ
एक्सपो में प्रॉपर्टी के साथ-साथ RERA और विभिन्न बैंकों के स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। प्रॉपर्टी खरीदने पहुंचे लोग कानूनी और वैधानिक जानकारी के लिए RERA स्टॉल पर पूछताछ करते नजर आए। वहीं, बैंक स्टॉल पर होम लोन और प्रॉपर्टी फाइनेंस से संबंधित जानकारी ली गई।
क्रेडाई के पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद
कार्यक्रम में क्रेडाई छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष पंकज लाहोटी, चेयरमैन मृणाल गोलछा, सचिव अभिषेक बछावत, आईपीपी संजय रहेजा, कोषाध्यक्ष आयुष मोदी, प्रोग्राम चेयरमैन अशोक मूंदड़ा, प्रतीक केवलानी और नवनीत अग्रवाल सहित क्रेडाई के कई वरिष्ठ एवं कनिष्ठ सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सचिव अभिषेक बछावत ने आभार व्यक्त किया।