November 29, 2026

चित्रकूट। धर्मनगरी चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के तट पर दीपावली के अवसर पर लगने वाला ऐतिहासिक गधा मेला इस बार भी व्यापारिक उत्साह और भारी चहल-पहल के बीच संपन्न हुआ। मुगल शासक औरंगजेब के शासनकाल से जुड़ी इस सदियों पुरानी परंपरा में देशभर से व्यापारी पहुंचे। मेले में करोड़ों रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। वहीं, फिल्मी सितारों के नाम पर रखे गए गधे आकर्षण का केंद्र रहे। इस बार ‘चंकी पांडेय’ नाम का गधा 72 हजार रुपये में बिका।

औरंगजेब के दौर से जुड़ा है मेले का इतिहास

स्थानीय जनश्रुतियों और ऐतिहासिक मान्यताओं के मुताबिक, चित्रकूट के गधा मेले की शुरुआत मुगल काल में हुई थी। कहा जाता है कि जब औरंगजेब की सेना चित्रकूट पहुंची थी, तब उसके बेड़े में शामिल कई घोड़े, गधे और खच्चर बीमार पड़ गए थे। सेना में माल ढुलाई और परिवहन की व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदाकिनी नदी के किनारे पशुओं की खरीद-फरोख्त का बाजार लगवाया गया था।

समय के साथ यह बाजार चित्रकूट की सांस्कृतिक और व्यापारिक पहचान बन गया। आज भी दीपावली के अवसर पर इस परंपरा का निर्वहन किया जाता है।

72 हजार रुपये में बिका फिल्मी नाम वाला ‘चंकी पांडेय’

इस बार मेले में काले रंग का एक गधा खास आकर्षण का केंद्र रहा। उसका नाम फिल्म अभिनेता चंकी पांडेय के नाम पर रखा गया था। इसे देखने और खरीदने के लिए व्यापारियों की भीड़ जुटी। आखिरकार इसकी बोली 72 हजार रुपये पर जाकर खत्म हुई।

मेले में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों से व्यापारी पहुंचे। चित्रकूट के आसपास करीब 250 किलोमीटर के दायरे से भी पशु व्यापारी आए। कई व्यापारी गधों को ‘धन पशु’ मानते हैं और दीपावली पर इनकी खरीदारी को शुभ समझते हैं।

प्रशासन ने किए सुरक्षा और सुविधाओं के इंतजाम

मेले के दौरान प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा, पेयजल और बाहर से आए व्यापारियों के ठहरने की व्यवस्था की गई थी। मझगवां के एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर के अनुसार, मेले में पहुंचे व्यापारियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा सुविधाओं का ध्यान रखा गया।

मशीनीकरण से पारंपरिक कारोबार पर असर

मेले के आयोजकों ने नई पीढ़ी के पारंपरिक पशु व्यापार से दूर होने पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि आधुनिकता और मशीनीकरण के चलते गधों की उपयोगिता और मांग में कमी आई है। इसका असर मेले के स्वरूप पर भी पड़ रहा है और इसका दायरा साल-दर-साल सीमित होता जा रहा है। इसके बावजूद चित्रकूट का यह अनूठा मेला आज भी अपनी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान बनाए हुए है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *