रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के दूसरे दिन खेले गए पहले मुकाबले में मैनपाट टाइटन्स और बैलाडिला बुल्स के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। ओलंपियन प्रदीप मोर की टीम मैनपाट टाइटन्स ने शुरुआती दो क्वार्टर में दबदबा बनाया, लेकिन ओलंपियन चिंगलेनसाना सिंह की टीम बैलाडिला बुल्स ने आखिरी दो क्वार्टर में शानदार वापसी करते हुए मुकाबला 3-3 से ड्रॉ करा दिया।

बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्रहलाद को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और करण धनुक को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया।
पहले क्वार्टर में बैलाडिला ने पेनल्टी कॉर्नर से खोला खाता
मुकाबले का पहला हमला चौथे मिनट में मैनपाट टाइटन्स की ओर से हुआ। टीम के खिलाड़ियों ने सर्कल में प्रवेश किया, लेकिन बैलाडिला के डिफेंडरों ने गेंद को बाहर निकाल दिया। जवाबी हमले में बैलाडिला ने भी सर्कल में जगह बनाई, लेकिन गोल करने में सफल नहीं रही।
सातवें मिनट में मैनपाट के प्रहलाद टांडी को सर्कल के भीतर गोल करने का अच्छा मौका मिला, लेकिन बैलाडिला के गोलकीपर ने तेजी से आगे आकर उनका प्रयास नाकाम कर दिया।
इसके बाद बैलाडिला बुल्स को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे संदीप ठाकुर ने गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। पहला क्वार्टर इसी स्कोर पर समाप्त हुआ।
दूसरे क्वार्टर में मैनपाट ने बनाई 2-0 की बढ़त
दूसरे क्वार्टर में मैनपाट टाइटन्स ने आक्रामक खेल दिखाया। हाफ टाइम से कुछ मिनट पहले प्रहलाद ने सर्कल के भीतर शानदार दौड़ लगाई और गेंद प्रवीण यादव की ओर बढ़ाई। प्रवीण ने गेंद को बेहतरीन तरीके से डिफ्लेक्ट कर गोल में पहुंचा दिया।
इस गोल के साथ मैनपाट ने स्कोर 2-0 कर दिया। हाफ टाइम तक टीम अपनी दो गोल की बढ़त बनाए रही।
बैलाडिला बुल्स की शानदार वापसी, स्कोर हुआ बराबर
शुरुआती दो क्वार्टर में पिछड़ने के बाद बैलाडिला बुल्स ने खेल की रफ्तार बदल दी। टीम ने लगातार हमले कर मैनपाट के डिफेंस पर दबाव बनाया। जसकरण सिंह सर्कल के भीतर पहुंचे और राहुल यादव की ओर गेंद फ्लिक की। राहुल ने मौके का फायदा उठाते हुए गेंद को गोल में पहुंचा दिया।
इसके बाद बैलाडिला ने चौथे क्वार्टर की शुरुआत में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया और उसे गोल में बदलकर स्कोर 2-2 कर दिया।
सर्कल के बाहर से लगाए गए टोमाहॉक शॉट के बाद बैलाडिला को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन मैनपाट के गोलकीपर अल्फाज खान ने शानदार बचाव करते हुए गोल होने से रोक दिया।
आखिरी मिनटों में फिर बराबरी पर पहुंचा मुकाबला
इसके बाद मैनपाट के प्रहलाद को सर्कल के भीतर खाली जगह मिली। उन्होंने रिवर्स फ्लिक के जरिए गोल दागकर अपनी टीम को 3-2 की बढ़त दिला दी।
मुकाबले के अंतिम क्षणों में बैलाडिला बुल्स ने फिर जोरदार हमला किया। निहाल हुसैन अंसारी ने पेनल्टी कॉर्नर के रिबाउंड पर शॉट लगाकर गोल कर दिया और स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया।
आखिरकार दोनों टीमों के बीच यह रोमांचक मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ।