शहडोल। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के कार्यक्रम में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक ASI पर शराब के नशे में ग्रामीणों से गाली-गलौज और मारपीट करने के आरोप लगे हैं। जिला पंचायत सदस्य के साथ भी अभद्रता और हाथापाई की कोशिश का आरोप है। घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस अधीक्षक तक पहुंचा। शिकायतों के आधार पर एसपी ने ASI दीपक सिंह परिहार को निलंबित कर दिया है।

बनसुकली में आयोजित था जनविश्वास अभियान का कार्यक्रम
मामला शहडोल जिले के जयसिंहनगर जनपद पंचायत के अंतर्गत सीधी थाना क्षेत्र के बनसुकली का है। यहां मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीधी थाने में पदस्थ ASI दीपक सिंह परिहार की ड्यूटी लगाई गई थी। आरोप है कि वे निर्धारित ड्यूटी पर जाने के बजाय दूसरी जगह पहुंच गए, जहां शराब के नशे में थे। इसी दौरान उन्होंने पंचायत छेकता क्षेत्र के आदिवासी ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
जिला पंचायत सदस्य से भी अभद्रता का आरोप
ग्रामीणों ने पुलिसकर्मी के व्यवहार का विरोध किया और घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। इसी दौरान मौके पर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य गुजरात सिंह ने भी ASI के रवैये पर आपत्ति जताई और उन्हें रोकने की कोशिश की।
आरोप है कि इस पर ASI उनसे भी अभद्रता करने लगे और हाथापाई पर उतारू हो गए। इसके बाद जिला पंचायत सदस्य ने कार्यक्रम में मौजूद पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के सामने शिकायत रखी।
चार मुर्गे छीनने और 10 की मांग का भी आरोप
अमडीह निवासी तौकीद ने भी लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि ASI ने उनके कर्मचारियों से जबरन चार मुर्गे छीन लिए और 10 मुर्गों की मांग की। मांग पूरी नहीं करने पर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की। एसपी ने शिकायतकर्ताओं को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
शिकायत के बाद ASI निलंबित
मामले में शहडोल पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने ASI दीपक सिंह परिहार को निलंबित कर दिया है। एसपी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया गया है।
घटना के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और अपने कर्मचारी के आचरण को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अब मामले में शिकायतों और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की जांच और कार्रवाई पर नजर रहेगी।