दुर्ग/भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दुर्गा विसर्जन के दौरान चाकूबाजी की घटना सामने आई है। भिलाई के रुआबांदा इलाके में डीजे पर गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और फिर चाकूबाजी में बदल गया। इस दौरान एक युवक के गले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का सेक्टर-9 अस्पताल में इलाज जारी है।

डीजे पर गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, रुआबांदा इलाके में दुर्गा विसर्जन के दौरान डीजे पर गाना बजाने को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि इस दौरान जय और उसके नाबालिग भाई ने सागर और गणपत के साथ मारपीट की। इसी विवाद के बीच जय ने महानंद के गले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में महानंद गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। एडिशनल एसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि रुआबांदा में बीती रात एक आरोपी ने धारदार हथियार से युवक को घायल किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घायल का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विवेचना कर रही है।