नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के समनापुर प्राथमिक शाला में मध्यान्ह भोजन खाने के बाद 10 से 12 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत होने पर सभी 38 विद्यार्थियों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

उल्टी और पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती
जानकारी के मुताबिक, स्कूल में 38 बच्चों ने मध्यान्ह भोजन किया था। इसके बाद 10 से 12 बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। उनमें उल्टी और पेट दर्द के लक्षण दिखाई दिए। घटना के बाद सभी 38 बच्चों को एहतियातन नरसिंहपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
कलेक्टर और एसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर रजनी सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने बच्चों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर एवं त्वरित उपचार के निर्देश दिए।
भोजन बनाने वाले स्वसहायता समूह को हटाने के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने समनापुर स्कूल में मध्यान्ह भोजन बनाने वाले एकता स्वसहायता समूह को तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल बच्चों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। भोजन से बच्चों की तबीयत बिगड़ने के कारणों की जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।