November 9, 2026

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले का एक युवक नौकरी की तलाश में रूस गया, लेकिन अब परिवार से उसका संपर्क टूट गया है। बिल्हा निवासी विनीत कुमार दुबे 1 अक्टूबर को रूस की राजधानी मॉस्को पहुंचा था। परिजनों के मुताबिक, 7 अक्टूबर के बाद से उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया है। युवक की बहन आशी दुबे ने आरोप लगाया है कि रूस में उसके भाई को बंधक बनाकर प्रताड़ित किया जा रहा है और युद्ध में शामिल होने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। बहन ने बिलासपुर एसएसपी और कलेक्टर से मुलाकात कर भाई की सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई है।

टेलीग्राम ग्रुप के जरिए मिली थी नौकरी की जानकारी

परिजनों के अनुसार, विनीत को टेलीग्राम के एक ग्रुप के माध्यम से रूस में नौकरी की जानकारी मिली थी। इसी सिलसिले में वह 1 अक्टूबर को मॉस्को गया था। परिवार का आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद उसकी मुश्किलें बढ़ गईं।

बहन के मुताबिक, विनीत को भारतीय दूतावास जाने से रोका गया और मॉस्को के एक होटल में रखा गया। इसके बाद उसे वोल्गोग्राद भेज दिया गया, जहां एक अपार्टमेंट में रखा गया था।

युद्ध में जाने से इनकार पर मारपीट का आरोप

परिजनों का कहना है कि 7 अक्टूबर की सुबह करीब 7 बजे कुछ लोग विनीत को कार में बैठाकर किसी अज्ञात स्थान पर ले गए। आरोप है कि वहां उस पर रेजिडेंसी हासिल करने और युद्ध में शामिल होने का दबाव बनाया गया।

परिवार के मुताबिक, विनीत ने युद्ध में जाने से इनकार किया तो उसके साथ मारपीट की गई और उसे भूखा रखकर प्रताड़ित किया गया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे रूस में ड्रग्स से जुड़े एक मामले में फंसाया गया और इस आधार पर स्थानीय लोगों की बात मानने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

व्हाट्सएप के जरिए मिली भाई की जानकारी

विनीत की बहन आशी दुबे के अनुसार, भाई के साथ हुई घटनाओं की जानकारी परिवार को किशोर नाम के एक युवक के माध्यम से मिली। किशोर ने व्हाट्सएप पर परिवार से संपर्क कर स्थिति के बारे में बताया। इसके बाद से परिजन विनीत की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

रूसी दूतावास और विदेश मंत्रालय से संपर्क

परिवार की शिकायत के बाद बिलासपुर एसएसपी ने रूसी दूतावास और विदेश मंत्रालय से पत्राचार किया है। फिलहाल युवक की स्थिति और सुरक्षित वापसी को लेकर संबंधित अधिकारियों के जवाब का इंतजार किया जा रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *