पन्ना। दीपावली के अगले दिन बुंदेलखंड की लोकसंस्कृति का अनूठा रंग मध्य प्रदेश के पन्ना में देखने को मिलता है। यहां सदियों पुरानी ‘दीवारी नृत्य’ की परंपरा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ निभाई जाती है। ढोलक की थाप, घुंघरुओं की झंकार, लाठियों की चटकार और कलाकारों के हैरतअंगेज करतबों के बीच पूरा शहर लोक संस्कृति के रंग में रंग जाता है।

गांवों से शहर तक उमड़ी भीड़, दूसरे जिलों से भी पहुंचे मोनिया
दीपावली के अगले दिन गांवों से दीवारी खेलने वाली टोलियां पन्ना शहर पहुंचती हैं। जैसे ही ये टोलियां गलियों और मुख्य मार्गों पर निकलती हैं, उत्सव का माहौल बन जाता है।
इस परंपरा की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पन्ना के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में मोनिया यहां पहुंचते हैं। लोग पारंपरिक नृत्य और कलाकारों के करतब देखने के लिए जुटते हैं।
मौन व्रत और उपवास के साथ निभाई जाती है परंपरा
बुंदेलखंड का दीवारी नृत्य सदियों पुरानी लोकपरंपरा माना जाता है। इसकी शुरुआत दीपावली के दिन मिट्टी से बनी ‘ग्वालिन’ के पूजन के साथ होती है।
यादव समाज के ग्वाल, जो गाय चराते हैं, दीपावली के दूसरे दिन सुबह गाय के बछड़े और बछिया की पूजा करते हैं। इसके बाद वे दीवारी खेलने निकलते हैं। इस दौरान कलाकार मौन व्रत रखते हैं और सुबह से रात तक अन्न-जल ग्रहण नहीं करते।
रंग-बिरंगे कपड़े, हाथों में मोरपंख और ढोलक की थाप
दीवारी नृत्य में शामिल कलाकार पारंपरिक और रंग-बिरंगे वस्त्र पहनते हैं। हाथों में मोरपंख लेकर वे समूह में घेरा बनाते हैं और ढोलक की थाप पर लयबद्ध तरीके से नृत्य करते हैं।
नृत्य के दौरान लाठियों के करतब और कलाकारों की ऊर्जा दर्शकों को आकर्षित करती है। पुरुषों और किशोरों की टोलियां इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती हैं।
‘मौनी बाबा’ के नाम से भी जाने जाते हैं कलाकार
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, दीपावली पर दीवारी नृत्य करना और इसके दर्शन करना शुभ माना जाता है। इस परंपरा में शामिल कलाकारों को श्रद्धा और स्नेह से ‘मौनी बाबा’ भी कहा जाता है।
पन्ना में हर साल इस आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। दीवारी नृत्य केवल धार्मिक आयोजन या मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि बुंदेलखंड की ग्रामीण संस्कृति और लोकपरंपरा की पहचान है। नई पीढ़ी भी इस विरासत को पूरी आस्था और उत्साह के साथ आगे बढ़ा रही है।