मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में पांच दोस्त बांध के गहरे पानी में डूब गए। मौके पर मौजूद लोगों और प्रशासन की मदद से तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो युवकों की जान चली गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

प्रतिमा विसर्जन के दौरान पांच दोस्त डूबे
जानकारी के मुताबिक, देवेंद्र नगर क्षेत्र में मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान पांच युवक बांध के गहरे पानी में डूब गए। स्थानीय लोगों और मछुआरों ने तुरंत बचाव की कोशिश शुरू की। इस दौरान साहिल तिवारी, हरिओम द्विवेदी और करण सोनी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद पन्ना जिला अस्पताल रेफर किया गया।
आयुष अग्रवाल और कृष्णा सोनी की डूबने से मौत
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान आयुष अग्रवाल (18), पिता शेष अग्रवाल और कृष्णा सोनी (25), पिता नारायण दास सोनी के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विसर्जन के दौरान पैर फिसलने या गहरे पानी में चले जाने से युवक डूबे। बताया जा रहा है कि दोनों युवक प्रतिमा के नीचे दब गए थे। उन्हें बाहर निकालने में देरी हुई और उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू और तहसीलदार सुमित तिवारी सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। हादसे में दो युवकों की मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा है। वहीं, देवेंद्र नगर क्षेत्र में भी शोक की लहर है।