November 10, 2026

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव का दावा है कि जिन ठेले वालों के समर्थन में पार्षद कुणाल सोलंकी नगर निगम की कार्रवाई के दौरान गाड़ी के सामने धरने पर बैठे थे, उन्हीं से कथित तौर पर प्रति ठेला 200 रुपये प्रतिदिन वसूले जाते हैं।

इस आरोप के बाद ठेले वालों के हितों की लड़ाई और कथित वसूली को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में अब तक कोई स्वतंत्र प्रमाण सामने नहीं आया है।

राव कॉलोनी के बंगले में रहने का दावा

राकेश यादव ने पार्षद के निवास को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पार्षद कुणाल अपने निर्वाचित क्षेत्र में रहने के बजाय राव कॉलोनी स्थित एक आलीशान बंगले में रहते हैं।

इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कुणाल के पार्षद बनने के बाद क्षेत्र में 14 अवैध कॉलोनियां बसवाई गईं। गोडाउन बनवाने के नाम पर भी कथित तौर पर तीन लाख रुपये लेने का दावा किया गया है। इन सभी आरोपों की फिलहाल स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

2022 में हॉकर जोन के लिए पत्र, फिर आंदोलन क्यों नहीं?

विवाद का एक अहम पहलू हॉकर जोन की मांग भी है। पार्षद कुणाल सोलंकी ने वर्ष 2022 में ठेले वालों के लिए हॉकर जोन बनाने के संबंध में पत्र लिखने और इस पर आश्वासन मिलने की बात कही थी।

आरोप लगाने वालों का सवाल है कि यदि ठेले वालों के लिए स्थायी व्यवस्था की मांग इतनी महत्वपूर्ण थी, तो इसके बाद हॉकर जोन बनवाने के लिए लगातार आंदोलन क्यों नहीं किया गया? उनका कहना है कि महापौर या निगम आयुक्त की गाड़ी के सामने धरना देने जैसा कोई कदम पहले नहीं उठाया गया और मामला पत्र तथा आश्वासन तक ही सीमित रहा।

ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि ठेले वालों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तक कितनी गंभीरता से प्रयास किए गए।

चुनाव से छह महीने पहले स्थानीय राजनीति गरमाई

चुनाव से करीब छह महीने पहले पार्षद कुणाल सोलंकी को लेकर सामने आए इन आरोपों ने स्थानीय राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। एक ओर नगर निगम की कार्रवाई के विरोध में ठेले वालों के समर्थन में धरने पर बैठने की उनकी भूमिका है, तो दूसरी ओर उन्हीं ठेले वालों से कथित वसूली और अवैध गतिविधियों को लेकर लगाए गए आरोप हैं।

Lalluram.com ने पार्षद कुणाल सोलंकी से फोन पर संपर्क कर उनका पक्ष जानने की कोशिश की। उन्होंने आरोपों पर कुछ भी कहने से इनकार करते हुए कहा कि वह इस मामले में बयान देना बंद कर चुके हैं।

शिकायत मिलने पर सरकारी कार्य में बाधा का मामला दर्ज करने की बात

इस पूरे मामले में पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर कुणाल सोलंकी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा का प्रकरण दर्ज किया जाएगा।

फिलहाल, ठेले वालों के समर्थन में शुरू हुआ यह विवाद पार्षद की भूमिका, हॉकर जोन की मांग और कथित वसूली के आरोपों तक पहुंच गया है। अब देखना होगा कि इन आरोपों पर पार्षद की ओर से कोई विस्तृत जवाब सामने आता है या संबंधित विभाग इन दावों की जांच करता है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *