June 21, 2026

पीएम आवास मल्टी में नकाबपोश बदमाशों का आतंक, 11 घरों के ताले तोड़े; लाखों की चोरी

भोपाल। राजधानी के छोला थाना क्षेत्र अंतर्गत अयोध्या बायपास स्थित भानपुर के प्रधानमंत्री आवास योजना परिसर में बीती रात नकाबपोश बदमाशों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। करीब आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नगदी चोरी कर ली, जबकि 10 अन्य घरों के ताले भी तोड़े गए।

जानकारी के अनुसार, बदमाश रात करीब 2 बजे से सुबह 5 बजे तक परिसर में सक्रिय रहे। इस दौरान वे बेखौफ होकर एक के बाद एक घरों को निशाना बनाते रहे। एक घर से नकदी और कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए, जबकि अन्य मकानों में चोरी का प्रयास किया गया।

तीन महीने में चौथी चोरी, रहवासियों में नाराजगी

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले तीन महीनों में यह चौथी बड़ी चोरी की घटना है। लगातार हो रही वारदातों से रहवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है। उनका आरोप है कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग के बावजूद पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। कई परिवारों के शहर से बाहर होने के कारण नुकसान का पूरा आकलन अभी नहीं हो पाया है और कुछ शिकायतें दर्ज होना बाकी हैं।

पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *