जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र में देर रात बमबाजी की घटना सामने आई है। पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के सामने स्थित रामनगर में बदमाशों ने एक चाय-पान की दुकान को निशाना बनाते हुए कथित तौर पर एक के बाद एक 3 देशी बम फेंके। इनमें से एक बम फटने से जोरदार धमाका हुआ और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

चाय-पान की दुकान को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, घटना रामनगर में देर रात हुई। बदमाशों ने चाय-पान की दुकान पर बम फेंककर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की। एक बम फटने से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की खबर सामने नहीं आई है।
मौके से 2 जिंदा सूअरमार बम बरामद
घटना की सूचना मिलने के बाद रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से दो जिंदा सूअरमार बम बरामद किए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोहलानी के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में वारदात का मकसद इलाके में दहशत फैलाना बताया जा रहा है। आरोपियों की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस का प्रयास है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए। फिलहाल, घटना के पीछे की वजह और आरोपियों से जुड़ी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।