November 10, 2026

रायपुर। किसानों की समृद्धि और उनकी आय में वृद्धि राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण जीवन का आधार खेती-किसानी है। किसानों को उपज का उचित मूल्य दिलाने, खेती की लागत कम करने और सिंचाई सहित जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। यह बात मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के सिविल लाइंस स्थित सर्किट हाउस में श्रद्धेय मनहरण लाल पाण्डेय की जयंती पर आयोजित ‘उत्कृष्ट कृषक रत्न सम्मान समारोह’ को संबोधित करते हुए कही।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रगतिशील किसानों को उत्कृष्ट कृषक रत्न सम्मान से सम्मानित किया और कृषि क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।

360 नए धान खरीदी केंद्र खुलेंगे

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लगभग 80 प्रतिशत आबादी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कृषि कार्यों से जुड़ी है। किसानों की खुशहाली से ही गांवों और प्रदेश की खुशहाली का रास्ता निकलेगा। इसी उद्देश्य से सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए प्रयासरत है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी। किसानों की सुविधा के लिए राज्य सरकार ने 360 नए धान खरीदी केंद्र खोलने का निर्णय लिया है। इससे किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और खरीदी केंद्रों पर भीड़ का दबाव कम होगा। सरकार यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि पात्र किसानों को उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो।

प्रगतिशील किसानों को सम्मानित कर किया प्रोत्साहित

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के किसान पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीक और नवाचारों को भी अपना रहे हैं। कृषि क्षेत्र में उनके प्रयोग और योगदान से खेती को नई दिशा मिल रही है। ऐसे किसानों का सम्मान दूसरे किसानों को भी उन्नत कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।

मनहरण लाल पाण्डेय के योगदान को किया याद

मुख्यमंत्री साय ने श्रद्धेय मनहरण लाल पाण्डेय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन जनसेवा को समर्पित रहा। खेती-किसानी और ग्रामीण जीवन से उनका गहरा जुड़ाव था। उन्होंने विशेष रूप से सिंचाई सुविधाओं के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। मुख्यमंत्री ने किसानों और समाजसेवियों को सम्मानित करने की पहल के लिए आयोजन समिति को बधाई दी।

किसान क्रेडिट कार्ड से किसानों को मिली राहत

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने किसानों की आर्थिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किसान क्रेडिट कार्ड योजना की शुरुआत की थी। पहले किसानों को खेती के लिए पूंजी जुटाने महंगे ब्याज पर कर्ज लेना पड़ता था। किसान क्रेडिट कार्ड से इस स्थिति में बदलाव आया।

उन्होंने बताया कि पहले सहकारी बैंकों से किसानों को 18 प्रतिशत तक ब्याज पर ऋण लेना पड़ता था, जबकि अब किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण की सुविधा मिल रही है। इससे किसानों पर ब्याज का बोझ कम हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसान कल्याण को देश की नीतियों में प्राथमिकता दी जा रही है। कृषि मंत्रालय का नाम ‘कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय’ किया जाना इसी सोच को दर्शाता है। केंद्र सरकार कृषि अनुसंधान, आधुनिक तकनीक, जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही है, ताकि उत्पादन बढ़ाने के साथ खेती की लागत कम की जा सके।

दो वर्षों में करीब 10 हजार करोड़ की सिंचाई परियोजनाएं शुरू

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कृषि क्षेत्र की समृद्धि के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। राज्य सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है। पिछले दो वर्षों में प्रदेश में लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की नई सिंचाई परियोजनाएं शुरू की गई हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश की 1,500 पुरानी सिंचाई परियोजनाओं के जीर्णोद्धार के लिए करीब 2,800 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन परियोजनाओं का काम पूरा होने पर सिंचित रकबे में विस्तार होगा और बड़ी संख्या में किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री ने इंद्रावती नदी पर मटनार और देऊरगांव परियोजनाओं सहित अन्य नई सिंचाई परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचे और खेती की वर्षा पर निर्भरता कम हो।

वन मंत्री केदार कश्यप ने भी किया संबोधित

समारोह में वन मंत्री केदार कश्यप ने श्रद्धेय मनहरण लाल पाण्डेय के सामाजिक और सार्वजनिक जीवन में योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि पाण्डेय ने अपना जीवन जनसेवा के लिए समर्पित किया और समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए काम किया।

मंत्री कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय किसान परिवार से आते हैं और किसानों की जरूरतों व समस्याओं को समझते हैं। उनके नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के हित और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए कई निर्णय ले रही है।

कार्यक्रम में कर्मवीर सिंह, अखिलेश सोनी, नवीन मार्कण्डेय, राम गर्ग, आलोक चंद्र ठाकुर, हर्षिता पाण्डेय, अनुराग पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, श्रद्धेय मनहरण लाल पाण्डेय स्मृति संस्थान के सदस्य और प्रदेशभर से आए किसान बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *