November 25, 2026

रायपुर। चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में हुई बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया है। खेतों में खड़ी फसलों के साथ कटाई के बाद सुखाने के लिए रखी गई फसलें भी प्रभावित हुई हैं। कृषि विभाग के अनुसार, अब तक फसल क्षति की 59,666 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन करने के लिए सर्वेक्षण शुरू कर दिया गया है।

59,666 शिकायतें मिलीं, 88 का सर्वे पूरा

कृषि विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रदेश में अब तक फसल नुकसान से संबंधित कुल 59,666 सूचनाएं दर्ज की गई हैं। इनमें से 88 मामलों का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है, जबकि शेष मामलों में कार्रवाई जारी है।

राज्य शासन ने बीमा कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि नुकसान का आकलन करने में अनावश्यक देरी न की जाए और पात्र किसानों को नियमानुसार बीमा दावा राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

CM साय के निर्देश पर सर्वेक्षण में तेजी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर कृषि विभाग ने प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी के मार्गदर्शन में विभागीय अमला नुकसान का आकलन करने में जुटा है।

जिला कलेक्टरों, कृषि विभाग के उप संचालकों और संबंधित बीमा कंपनियों को निर्धारित समय-सीमा में सर्वेक्षण पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का उद्देश्य प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पात्र किसानों को जल्द दावा राशि उपलब्ध कराना है।

प्रदेश में 11 फसलें बीमा योजना के दायरे में

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत छत्तीसगढ़ में 11 फसलें अधिसूचित हैं। इनमें धान (सिंचित और असिंचित), मक्का, सोयाबीन, मूंगफली, अरहर, मूंग, उड़द, कोदो, कुटकी और रागी शामिल हैं।

योजना के प्रावधानों के अनुसार, स्थानीय आपदा के तहत जलभराव से नुकसान होने पर धान की सिंचित और असिंचित फसलों को छोड़कर अन्य अधिसूचित फसलों के लिए बीमा दावा भुगतान का प्रावधान है।

वहीं, कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए रखी गई फसल यानी करपा को भी बीमा सुरक्षा मिलती है। कटाई के 14 दिनों के भीतर चक्रवात, चक्रवाती बारिश या बेमौसम बारिश से नुकसान होने पर निर्धारित नियमों के तहत दावा किया जा सकता है।

72 घंटे के भीतर दर्ज कराएं नुकसान की सूचना

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि फसल को नुकसान होने पर 72 घंटे के भीतर कृषि रक्षक पोर्टल के टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना दर्ज कराएं।

विभाग के अनुसार, सूचना मिलने के 48 घंटे के भीतर संबंधित बीमा कंपनी सर्वेयर नियुक्त करेगी। इसके बाद 10 दिनों के भीतर सर्वेक्षण पूरा किया जाना है। सर्वेक्षण के बाद पात्र किसानों को 15 दिनों के भीतर दावा राशि सीधे उनके बैंक खातों में भुगतान करने का प्रावधान बताया गया है।

किसान फसल नुकसान और बीमा दावे से जुड़ी जानकारी के लिए ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, उप संचालक कृषि या संबंधित बैंक शाखा से भी संपर्क कर सकते हैं।

राज्य सरकार का कहना है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, ताकि वे नुकसान से उबरकर आगामी कृषि गतिविधियां जारी रख सकें।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *