बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में जिला पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 196वीं वाहिनी और 204 कोबरा की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। थाना उसूर क्षेत्र में सर्च अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए 711 बीजीएल (BGL) सेल बरामद किए हैं।

केजी हिल्स के पास मिला विस्फोटक सामग्री का डंप
विश्वसनीय सूत्र से मिली सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने एफओबी ताड़ापाला से लगे जंगल क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान एफओबी ताड़ापाला से करीब 1.5 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में केजी हिल्स के समीप बड़ी मात्रा में बीजीएल सेल छिपाकर रखे होने का पता चला।
सुरक्षा बलों ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बरामद सभी 711 बीजीएल सेल को विधिवत सुरक्षित कब्जे में ले लिया।
ग्रामीणों से पहाड़ी क्षेत्र में नहीं जाने की अपील
बरामदगी के बाद सुरक्षा बलों ने आम नागरिकों से कर्रेगुट्टा और आसपास की पहाड़ियों में फिलहाल जाने से परहेज करने की अपील की है। क्षेत्र में अभी भी बारूदी सुरंग (IED) या अन्य विस्फोटक सामग्री मौजूद होने की आशंका है, जिससे लोगों की जान को खतरा हो सकता है।
सुरक्षा बलों के मुताबिक, निर्धारित कार्ययोजना के तहत भविष्य में इस इलाके में डी-माइनिंग यानी बारूदी सुरंगों को निष्क्रिय करने का अभियान चलाया जाएगा।