रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी अपने पहले दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंची हैं। दौरे के पहले दिन भाजपा प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में उनके स्वागत के दौरान एक अलग नजारा देखने को मिला। स्वागत के लिए कतार में खड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से स्मृति ईरानी ने फूल, गुलदस्ता और शॉल स्वीकार नहीं किए। इस घटनाक्रम को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर भाजपा संगठन पर सवाल उठाए हैं।

स्वागत के दौरान नहीं लिया फूल और गुलदस्ता
स्मृति ईरानी के स्वागत के लिए प्रदेश महामंत्री, जिलाध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठों के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाजपा मुख्यालय में मौजूद थे। हालांकि, स्वागत के दौरान प्रदेश प्रभारी ने किसी भी पदाधिकारी या कार्यकर्ता से फूल, गुलदस्ता और शॉल स्वीकार नहीं किया।
इस दौरान एक कार्यकर्ता को उन्होंने आंखों से चश्मा उतारने के लिए भी कहा। वहीं, रायपुर जिलाध्यक्ष रमेश ठाकुर जब पदाधिकारियों का परिचय करा रहे थे, तब स्मृति ईरानी ने कहा कि वे स्वयं सभी से बात कर लेंगी।
कांग्रेस ने वीडियो साझा कर भाजपा पर साधा निशाना
इस घटनाक्रम का वीडियो साझा करते हुए कांग्रेस ने भाजपा पर कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप लगाया। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भाजपा में देवतुल्य कार्यकर्ताओं की पूछ-परख नहीं है और भाजपा नेता कार्यकर्ताओं को नदारद रखते हैं। पार्टी ने इसे प्रदेश प्रभारी के दौरे के दौरान सामने आया उदाहरण बताया।
भाजपा मुख्यालय में 9 घंटे से अधिक चली मैराथन बैठकें
दौरे के पहले दिन स्मृति ईरानी ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में नौ घंटे से अधिक समय तक संगठनात्मक बैठकें कीं। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्रियों, प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों और सह-प्रभारियों तथा जिला प्रभारियों और सह-प्रभारियों के साथ संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की।
इसके अलावा पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों और निगम-मंडल, बोर्ड एवं आयोगों के अध्यक्षों तथा उपाध्यक्षों के साथ भी बैठक हुई। इन बैठकों में संगठन की स्थिति, सरकार की योजनाओं और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की गई।
पूर्व सांसदों और विधायकों से पूछा- 2028 में कैसे बनेगी सरकार?
बैठक के दौरान स्मृति ईरानी ने पूर्व सांसदों और विधायकों से वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सवाल किया। उन्होंने पूछा कि 2028 में प्रदेश में भाजपा की सरकार दोबारा कैसे बनेगी? इस दौरान कुछ मंत्रियों से जुड़ी शिकायतें भी प्रदेश प्रभारी तक पहुंचने की जानकारी सामने आई।
स्मृति ईरानी ने सभी पदाधिकारियों को एकजुट होकर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
बिना प्रोटोकॉल और सुरक्षा के मुख्यालय से रवाना
दिनभर चली बैठकों के बाद स्मृति ईरानी भाजपा मुख्यालय से रवाना हुईं। दी गई जानकारी के मुताबिक, वे बिना प्रोटोकॉल और सुरक्षा व्यवस्था के निकलीं। पहले दिन की अंतिम बैठक निगम-मंडल, बोर्ड और आयोगों के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ हुई।
दूसरे दिन मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के साथ बैठक
अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन स्मृति ईरानी भाजपा के मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के साथ बैठक करेंगी। इसमें सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर समीक्षा की जाएगी।