November 25, 2026

एकता नगर। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुजरात के केवड़िया स्थित एकता नगर में आयोजित भारत पर्व में छत्तीसगढ़ की समृद्ध शिल्पकला, संस्कृति और पर्यटन की झलक देखने को मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत पर्व का शुभारंभ करने के बाद छत्तीसगढ़ के स्टॉल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने नारायणपुर और बस्तर के शिल्पकारों से बातचीत की और उनकी कला व हुनर की सराहना की।

बांस और लोकशिल्प की कला देखी

प्रधानमंत्री मोदी ने स्टॉल पर बांस शिल्प और अन्य पारंपरिक लोकशिल्प तैयार कर रहे कलाकारों से शिल्प निर्माण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। इस दौरान कलाकारों ने बस्तरिया रेला की प्रस्तुति देकर उनका स्वागत किया।

15 दिनों तक चलेगा भारत पर्व

पर्यटन मंडल की डॉ. सुभदा चतुर्वेदी के मुताबिक, 15 दिनों तक चलने वाले भारत पर्व में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की ओर से विशेष स्टॉल लगाया गया है। इसमें प्रदेश की पारंपरिक हस्तशिल्प कला और पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित किया गया है।

स्टॉल पर डोकरा शिल्प, लौह शिल्प, कोसा साड़ियां और बांस शिल्प आकर्षण का केंद्र हैं। इनके जरिए आगंतुकों को छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला और स्थानीय कारीगरों के हुनर से परिचित कराया जा रहा है।

चंपारण और चित्रकोट सहित पर्यटन स्थलों की जानकारी

छत्तीसगढ़ के स्टॉल में चंपारण, चित्रकोट समेत प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों और पर्यटन रिसॉर्ट की जानकारी भी दी गई है। इसके माध्यम से देशभर से आने वाले आगंतुकों को राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और पर्यटन की संभावनाओं से रूबरू कराया जा रहा है।

भारत पर्व में छत्तीसगढ़ की भागीदारी से प्रदेश के हस्तशिल्प, लोकसंस्कृति और पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर मिल रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *