भोपाल। दीपावली और आगामी त्योहारों के मद्देनजर भोपाल पुलिस ने शहर में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्बाइड गन, कार्बाइड तोप और कार्बाइड लैम्प जैसे खतरनाक उपकरणों पर प्रतिबंध लगा दिया है। पुलिस कमिश्नर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया है। आदेश अगले दो महीने तक पूरे पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में प्रभावी रहेगा।

पुलिस प्रशासन के मुताबिक, अवैध रूप से प्रतिबंधित आतिशबाजी और लोहे, स्टील या PVC पाइप में विस्फोटक पदार्थ भरकर तेज धमाके करने वाले संशोधित उपकरणों के निर्माण और बिक्री की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
गंभीर हादसों और आगजनी का खतरा
प्रशासन का मानना है कि कार्बाइड गन और इस तरह के अन्य उपकरणों के इस्तेमाल से लोगों के गंभीर रूप से घायल होने, आंखों को नुकसान पहुंचने, आग लगने और विस्फोट जैसी घटनाओं का खतरा रहता है। इनसे सार्वजनिक और निजी संपत्ति को भी नुकसान पहुंच सकता है।
खासकर भीड़भाड़ वाले बाजारों, आवासीय बस्तियों, संकरी गलियों और बच्चों की मौजूदगी वाले इलाकों में ज्वलनशील गैस और कैल्शियम कार्बाइड का अनुचित इस्तेमाल जानलेवा साबित हो सकता है।
इन गतिविधियों पर रहेगा प्रतिबंध
पुलिस कमिश्नर के आदेश के तहत कार्बाइड गन, कार्बाइड तोप, कार्बाइड लैम्प और इसी प्रकृति के अन्य धमाका करने वाले उपकरणों को लेकर कई गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी।
- इन उपकरणों का अवैध निर्माण, संयोजन, रूपांतरण, मरम्मत या असेंबलिंग नहीं की जा सकेगी।
- इन्हें खरीदना, बेचना या बिक्री के लिए प्रदर्शित करना प्रतिबंधित रहेगा।
- इनका वितरण, भंडारण, आपूर्ति और व्यावसायिक रूप से उपलब्ध कराना भी प्रतिबंधित होगा।
उल्लंघन करने पर BNS की धारा 223 के तहत कार्रवाई
आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने यह प्रतिबंध त्योहारों के दौरान संभावित हादसों को रोकने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगाया है।