November 29, 2026

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी आज राजधानी भोपाल में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकालेगी। यात्रा सुबह 10 बजे टीटी नगर के प्लेटिनम प्लाजा स्थित अटल पथ से शुरू होकर रोशनपुरा तक जाएगी। इसमें केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल शामिल होंगे।

पदयात्रा और प्रस्तावित भीड़ को देखते हुए शहर में सुबह 8 बजे से ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। भदभदा, रोशनपुरा, जवाहर चौक, भारत माता चौराहा, पॉलिटेक्निक और लिंक रोड-1 पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। आयोजन में करीब 1200 बसों और 2 हजार चार पहिया वाहनों के पहुंचने का अनुमान है।

अलग-अलग रूट से आने वाली बसों के लिए व्यवस्था

विदिशा-रायसेन से आने वाली बसें: पटेल नगर, खजूरी कलां तिराहा, पिपलानी रोड, महात्मा गांधी चौराहा, चेतक ब्रिज, बोर्ड ऑफिस और लिंक रोड-1 होते हुए अपेक्स बैंक व टीटी क्रॉस से टीटी नगर स्टेडियम के पास यात्रियों को उतारेंगी। इन बसों की पार्किंग एलएलए रेस्ट हाउस परिसर में होगी।

नर्मदापुरम-मंडीदीप-मिसरोद से आने वाली बसें: नर्मदापुरम रोड, सावरकर सेतु, गणेश मंदिर, मानसरोवर तिराहा, लिंक रोड-2, अर्जुन नगर, सेकंड स्टॉप और तुलसी नगर से होते हुए अटल पथ के पास यात्रियों को उतारेंगी। पार्किंग तुलसी नगर स्थित अंबेडकर पार्क के पास होगी।

सीहोर-रातीबड़-नीलबड़ से आने वाली बसें: रातीबड़, नीलबड़, साखी ढाबा तिराहा, भदभदा और भारत माता चौराहा होते हुए जवाहर चौक पर यात्रियों को उतारेंगी। इनकी पार्किंग मॉडल स्कूल में रहेगी।

मुबारकपुर बायपास से आने वाली बसें: मुबारकपुर, गांधीनगर, लालघाटी, वीआईपी रोड, पॉलिटेक्निक, बाणगंगा और रंगमहल होते हुए कमला नेहरू स्कूल सेंटर पॉइंट पर यात्रियों को उतारेंगी। पार्किंग टीटी नगर दशहरा मैदान के आसपास होगी।

पुराने शहर से आने वाली बसें: भारत टॉकीज, लिली चौराहा, कंट्रोल रूम, गांधी पार्क और रोशनपुरा होते हुए टीटी नगर स्टेडियम के पास यात्रियों को उतारेंगी। इनकी पार्किंग लाल परेड मैदान, रविंद्र भवन और खटलापुरा रोड पर होगी।

वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह

पदयात्रा के दौरान प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव रहने की संभावना है। ऐसे में वाहन चालकों को डायवर्जन व्यवस्था के अनुसार अपने रास्ते तय करने और प्रभावित मार्गों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *