रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले के आरोपी सौरभ चंद्राकर के समर्थन में फेसबुक पर पोस्ट लिखी है और एक वीडियो भी साझा किया है। पोस्ट में उन्होंने सवाल उठाया है- ‘मैं सौरभ चंद्राकर का फैन क्यों हूं?’

अमित जोगी ने पोस्ट में क्या लिखा?
अमित जोगी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि वह खुलकर सौरभ चंद्राकर के फैन हैं और दूसरों को भी उससे सीखने की बात कहते हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़िया पहचान और ‘भोला छत्तीसगढ़िया’ वाली कहावत का जिक्र करते हुए लिखा कि भोलेपन के कारण छत्तीसगढ़ के लोगों का शोषण होता रहा है।
उन्होंने सौरभ चंद्राकर को एक जूस बेचने वाले सामान्य छत्तीसगढ़िया से सत्ता और प्रभावशाली लोगों के बीच पहुंचने वाले व्यक्ति के रूप में पेश किया। जोगी ने आरोपों का हवाला देते हुए कहा कि चंद्राकर पर टेढ़े रास्ते अपनाने के आरोप हैं, लेकिन उनके मुताबिक यही कसौटी उन प्रभावशाली लोगों पर भी लागू होनी चाहिए, जिन्होंने छत्तीसगढ़ को नुकसान पहुंचाया है।
उन्होंने अपनी पोस्ट में सौरभ चंद्राकर को कथित तौर पर बड़े लोगों के खेल में उन्हें चुनौती देने वाला व्यक्ति बताया और लिखा कि उससे सीखने के लिए बहुत कुछ है।
दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर भेजा गया था सौरभ
गौरतलब है कि ओमान से भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद CBI ने 2 नवंबर 2026 को सौरभ चंद्राकर को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया था। विशेष न्यायाधीश निखिल चोपड़ा की अदालत में CBI ने उसे दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर ले जाने की अनुमति मांगी थी।
सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी दलीलें रखीं। अदालत ने कहा कि फिलहाल उसके सामने ट्रांजिट रिमांड का सवाल है। प्रत्यर्पण की शर्तों के तहत आरोपी के खिलाफ CBI मामले में मुकदमा चलाया जा सकता है या नहीं, इस पर निर्णय रायपुर की संबंधित विशेष अदालत करेगी।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने सौरभ चंद्राकर की दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर की और उसे 4 नवंबर 2026 तक रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश करने का निर्देश दिया। अदालत ने प्रत्यर्पण की शर्तों और मुकदमे की वैधता से जुड़े सवालों पर फैसला संबंधित ट्रायल कोर्ट के लिए छोड़ा था।