बलौदाबाजार। जिले में शुक्रवार को करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत के बाद गंभीर रूप से झुलसी महिला ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में राकेश गुप्ता और उनके बेटे ईशान की मौके पर ही मौत हो गई थी। उनकी पत्नी वर्षा का रायपुर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। तीनों की मौत से परिवार की दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं।

घर की सफाई के दौरान हुआ हादसा
नेहरू चौक निवासी राकेश गुप्ता शुक्रवार सुबह घर में साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान वह घर से करीब पांच फीट की दूरी से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। चीख-पुकार सुनकर उन्हें बचाने पहुंची पत्नी वर्षा और बेटा ईशान भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। राकेश और ईशान की मौके पर ही मौत हो गई।
इलाज के दौरान वर्षा ने भी दम तोड़ा
गंभीर रूप से घायल वर्षा को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया था। वहां एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। शुक्रवार को उन्होंने भी दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार और इलाके में शोक का माहौल है।
हादसे का वीडियो भी आया था सामने
घटना का एक वीडियो भी सामने आया था। इसमें हाईटेंशन लाइन से करंट और आग निकलती दिखाई दे रही थी। आग राकेश के घर की बालकनी तक फैल गई थी। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए थे।