November 8, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सड़क संपर्क और आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने मुंगेली और बिलासपुर जिलों में दो नए पुलों के निर्माण को प्रशासकीय स्वीकृति दी है। दोनों पुलों और उनके पहुंच मार्गों के निर्माण पर कुल 14 करोड़ 25 लाख 97 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने स्वीकृति आदेश जारी कर दिए हैं।

इनमें मुंगेली जिले के तखतपुर-बरेला मार्ग पर मनियारी नदी में मौजूदा जलमग्नीय पुल की जगह उच्च स्तरीय पुल और बिलासपुर जिले के बेलगहना-कोंचरा-खोंगसरा मार्ग पर डोंगानाला में नए उच्च स्तरीय पुल का निर्माण शामिल है।

मनियारी नदी पर 7.67 करोड़ से बनेगा पुल

लोक निर्माण विभाग ने तखतपुर-बरेला राज्य मार्ग पर मनियारी नदी में मौजूदा जलमग्नीय पुल के स्थान पर उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग बनाने के लिए 7 करोड़ 67 लाख 11 हजार रुपये मंजूर किए हैं।

वर्तमान में नदी का जलस्तर बढ़ने पर जलमग्नीय पुल से आवागमन प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। नए उच्च स्तरीय पुल के निर्माण से लोगों को अधिक सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। खासकर बारिश के मौसम में सड़क संपर्क बाधित होने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

डोंगानाला पर 6.58 करोड़ की स्वीकृति

बिलासपुर जिले के बेलगहना-कोंचरा-खोंगसरा मार्ग पर डोंगानाला में उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 6 करोड़ 58 लाख 86 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।

इस पुल के बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और सड़क अधोसंरचना मजबूत होगी।

गुणवत्ता और समय-सीमा का ध्यान रखने के निर्देश

राज्य शासन ने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता को दोनों निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। निर्माण में गुणवत्तापूर्ण सामग्री के उपयोग, नियमित निगरानी और तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

दोनों पुलों के निर्माण से मुंगेली और बिलासपुर जिलों के स्थानीय लोगों को सुरक्षित और बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *