November 29, 2026

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि युवाओं का कृषि पाठ्यक्रमों और खेती के प्रति आकर्षण बढ़ाने में भारतीय किसान संघ सहयोगी भूमिका निभा सकता है। राज्य सरकार किसानों को नई कृषि तकनीकों की जानकारी देने और उन्नत उपकरणों व नए कृषि यंत्रों के उपयोग के लिए प्रेरित कर रही है। किसान कल्याण वर्ष में इस दिशा में बड़े स्तर पर प्रयास किए गए हैं।

मुख्यमंत्री मंगलवार को समत्व भवन, मुख्यमंत्री निवास में भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बलराम कृषि महोत्सव ने कृषि क्षेत्र को समृद्ध और सशक्त बनाने में सहयोग दिया है। मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना से भी बड़ी संख्या में किसानों को लाभ मिलेगा।

फार्मर आईडी से खाद-यूरिया के स्टॉक की जानकारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि फार्मर आईडी व्यवस्था से प्रदेश में खाद और यूरिया के स्टॉक की सही जानकारी मिल रही है और मध्यप्रदेश इसका पूरा लाभ ले रहा है। कम वर्षा वाले जिलों में बोरवेल खनन पर प्रतिबंध लगाने की पहल की गई है। राज्य सरकार के प्रयासों से सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।

उन्होंने कहा कि किसानों के हित में कृषि आधारित उद्योग स्थापित करने की शुरुआत की गई है और यह काम आगे भी जारी रहेगा।

पराली नियंत्रण में प्रदेश को रोल मॉडल बनाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने पराली नियंत्रण के क्षेत्र में मध्यप्रदेश को रोल मॉडल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि फसलों को विभिन्न पशुओं से होने वाले नुकसान की रोकथाम के लिए बोमा कैप्चरिंग पद्धति के प्रयोग प्रदेश में सफल रहे हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया है। उन्हें ट्रैक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल और स्कूटी प्रदान की गईं।

प्राकृतिक खेती करने वाले पशुपालकों को मिलेगा अनुदान

मुख्यमंत्री ने भारतीय किसान संघ से प्रदेश स्तर पर सहकारी समितियों के गठन में तेजी लाने में सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गौशालाओं का संचालन करने वाले उन पशुपालकों को भी अनुदान देगी, जो जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देंगे।

मुख्यमंत्री के अनुसार, गोवंश प्राकृतिक खेती में कई तरह से मददगार है। इस उद्देश्य से किसानों की सहकारी समितियों को गोपालन के लिए आवश्यक आर्थिक सहयोग दिया जाएगा।

फसलों की खरीद और बिजली आपूर्ति पर भी चर्चा

मुख्यमंत्री ने बैठक में गेहूं, चना और बाजरा जैसी फसलों की खरीद की पहल और पर्याप्त विद्युत आपूर्ति के लिए किए गए प्रबंधों की जानकारी दी। बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *