November 7, 2026

रायपुर। राजधानी रायपुर में गुटखा कारोबार से जुड़े एक ठिकाने पर डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) की टीम ने मंगलवार को छापेमारी की। महाराष्ट्र से मिले इनपुट के आधार पर तीन गाड़ियों में पहुंची अधिकारियों की टीम ने शदाणी दरबार मार्केट स्थित एक गोदाम में जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान दस्तावेजों के साथ-साथ गोदाम में रखे गुटखे के स्टॉक की भी जांच की गई। टीम ने मौके से 50 बोरों से ज्यादा सितार गुटखा जब्त किया है।

महाराष्ट्र इनपुट के बाद रायपुर पहुंची DGGI टीम

जानकारी के मुताबिक, DGGI को महाराष्ट्र से इनपुट मिला था कि रायपुर के शदाणी दरबार मार्केट स्थित एक गोदाम में बड़ी मात्रा में सितार गुटखा रखा गया है। इसके बाद टीम रायपुर पहुंची और मंगलवार को संबंधित गोदाम में दबिश दी।

अधिकारियों ने गोदाम में मौजूद गुटखे के स्टॉक और संबंधित दस्तावेजों की जांच की। गोदाम मालिक और कुछ अन्य लोगों को भी मौके पर बुलाकर पूछताछ की गई। कार्रवाई के दौरान DGGI की टीम ने पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की।

गोदाम से 50 से ज्यादा बोरे गुटखा जब्त

छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने गोदाम से 50 से अधिक बोरे सितार गुटखा जब्त किया। फिलहाल अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि गोदाम में रखा यह माल किसका है और इसे वहां किस उद्देश्य से रखा गया था।

जांच के दौरान सामने आने वाले दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

गुटखा कारोबारी ‘बंटी’ का नाम जांच में आया

DGGI सूत्रों के मुताबिक, जिस गोदाम से मंगलवार को गुटखा जब्त किया गया, वहां रखा माल गुटखा कारोबारी ‘बंटी’ का बताया जा रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

सूत्रों के अनुसार, कारोबारी बंटी का दुर्ग में एक पार्टनर भी है और उसके ठिकाने पर पहले कार्रवाई हो चुकी है।

महाराष्ट्र से कई राज्यों में सप्लाई का दावा

जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, बंटी कथित तौर पर महाराष्ट्र से अपना गुटखा कारोबार संचालित करता है। बताया जा रहा है कि उसने महाराष्ट्र में कल्याण के पास एक फैक्ट्री स्थापित की है, जहां से गुटखा तैयार कर विभिन्न राज्यों में सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है।

सूत्रों का दावा है कि यहां से छत्तीसगढ़ के अलावा मध्य प्रदेश, मुंबई और उत्तर प्रदेश समेत अन्य क्षेत्रों में भी गुटखे की सप्लाई की जाती है।

फिलहाल DGGI की जांच जारी है। अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि जब्त गुटखे का वास्तविक मालिक कौन है और कारोबार से जुड़े दस्तावेजों में क्या अनियमितताएं सामने आती हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *