November 9, 2026

रायपुर। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 22 से 23 अक्टूबर 2026 तक छत्तीसगढ़ प्रवास प्रस्तावित है। इस दौरान वे रायपुर और जगदलपुर (बस्तर) में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हो सकती हैं। राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा, प्रोटोकॉल, आवास, स्वास्थ्य सुविधाओं और परिवहन सहित सभी जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

सुरक्षा और प्रोटोकॉल के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राष्ट्रपति के कार्यक्रमों के समन्वय के लिए संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।

रायपुर और बस्तर संभाग के कलेक्टरों को कार्यक्रम स्थलों पर जरूरी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर और मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट, जगदलपुर से कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा, कारकेड और सड़क मार्ग से सुगम आवागमन की व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है।

रायपुर में लोकभवन और इंडोर स्टेडियम में कार्यक्रम प्रस्तावित

राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान रायपुर में लोकभवन और बूढ़ापारा स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इन आयोजनों के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जगदलपुर में मुरिया दरबार और बस्तर दशहरा के कार्यक्रम में होंगी शामिल

जगदलपुर के लालबाग ग्राउंड में मुरिया दरबार और बस्तर दशहरा के अवसर पर विशाल सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है। राष्ट्रपति के इस कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

आवास, स्वास्थ्य और परिवहन व्यवस्था पर जोर

मुख्य सचिव ने राष्ट्रपति और उनके साथ आने वाले अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था सहित अन्य जरूरी सुविधाओं के संबंध में विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग की निर्धारित गाइडलाइन्स के अनुसार पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। इसके अलावा कार्यक्रम स्थलों पर मानक के अनुरूप मंच और बैकड्रॉप, निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था, साउंड-लाइट सिस्टम तथा ग्रीन रूम में कंप्यूटर, प्रिंटर और इंटरनेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े वरिष्ठ अधिकारी

समीक्षा बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चम्पावत, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, गृह एवं श्रम विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता और जनसंपर्क संचालक आशीष टिकरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में लोकभवन के वरिष्ठ अधिकारियों, रायपुर और बस्तर के कलेक्टरों, पुलिस मुख्यालय, दोनों जिलों के पुलिस अधीक्षकों, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, लोक निर्माण विभाग, एयरफोर्स, बीएसएनएल और एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों ने भी भाग लिया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *