रायपुर। कांग्रेस के ‘वोट चोरी’ अभियान को लेकर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि अपनी कमजोरी और गिरेबान में झांकने के बजाय पार्टी कानूनी प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है। इससे साफ है कि कांग्रेस 17 नगरीय निकायों के चुनाव में अपनी हार मान चुकी है और अब हार के बहाने तलाश रही है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव गुरुवार को मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सोशल मीडिया पोस्ट पर भी निशाना साधा। बघेल ने पोस्ट में लिखा था कि ‘राहुल गांधी के सामने सबकी लाइन-लेंथ बिगड़ रही है।’ इस पर साव ने तंज कसते हुए कहा कि किसकी लाइन-लेंथ बिगड़ रही है, यह देश देख रहा है। उन्होंने कहा कि लोग किससे हाथ मिला रहे हैं और किसके गले लग रहे हैं, लेकिन उन्हें कोई भाव नहीं दे रहा। साव ने यह भी कहा कि जिस नेता के नेतृत्व में कांग्रेस 100 चुनाव हार चुकी है, उसे कौन भाव देगा।
SIR के मुद्दे पर कांग्रेस पर साधा निशाना
SIR को लेकर भाजपा के कार्टून पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए अरुण साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस घुसपैठियों के पक्ष में खड़ी है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश में 12 बार SIR हो चुका है, जिनमें से 10 बार कांग्रेस की सरकार थी। उस समय इस प्रक्रिया को लेकर कहीं हंगामा नहीं हुआ।
साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब SIR को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस के खाते में वोट ही नहीं हैं और जनता उसे वोट नहीं दे रही, तो वोट चोरी कैसे हो सकती है।
अहिवारा सीट पर चुनाव आयोग के निर्देश के अनुसार कार्रवाई
छत्तीसगढ़ विधानसभा सचिवालय की ओर से अहिवारा विधानसभा सीट रिक्त होने की सूचना भारत निर्वाचन आयोग को भेजे जाने पर भी उप मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के आकस्मिक निधन के कारण सीट रिक्त हुई है। अब चुनाव आयोग की ओर से जो निर्देश दिए जाएंगे, उनके अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।
‘विपक्ष देश में अराजकता पैदा कर रहा है’
भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान को लेकर अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दल देश में अराजकता पैदा कर रहे हैं। भाजपा जनता के बीच जाकर विपक्ष के कथित कारनामों को उजागर करने का काम कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐसे मुद्दों को उठा रही है, जो जनता की प्राथमिकता में नहीं हैं। साव के मुताबिक, इसके जरिए देश को अस्थिर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस घुसपैठियों के साथ खड़ी है और ऐसे लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है, जो मतदाता बनने के योग्य नहीं हैं। उन्होंने विदेशी षड्यंत्र के जरिए देश को अस्थिर करने की कोशिश का भी आरोप लगाया।