इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शनिवार को मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर पहुंचे। रीजनल पार्क के पास आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में उन्होंने प्रदेशभर से पहुंचे युवाओं और Gen-Z छात्रों से सीधा संवाद किया। इस दौरान छात्रों ने भर्ती परीक्षाओं, लंबित परिणाम, नर्सिंग शिक्षा और कथित पेपर लीक समेत कई समस्याएं सामने रखीं।

‘3 साल की डिग्री 6 साल में भी पूरी नहीं हुई’
संवाद के दौरान नर्सिंग छात्रों ने अपनी समस्याएं राहुल गांधी के सामने रखीं। एक छात्रा ने बताया कि 2020 में प्रवेश लेने के बावजूद 2026 तक उनका कोर्स पूरा नहीं हो सका है। छात्रों ने लंबे समय से चल रही समस्याओं और आंदोलन के बावजूद समाधान नहीं होने की बात कही।
भर्ती परीक्षाओं के अभ्यर्थियों ने भी पदों पर भर्ती लंबित होने और परिणाम रोके जाने की शिकायत की। छात्रों ने 13 प्रतिशत OBC आरक्षण समेत विभिन्न मुद्दों का हवाला देते हुए कहा कि भर्ती प्रक्रिया लंबे समय से अटकी हुई है। कुछ अभ्यर्थियों ने MPPSC और व्यापमं से जुड़ी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का भी मुद्दा उठाया।
राहुल गांधी बोले- छात्रों के बिना देश आगे नहीं बढ़ सकता
छात्रों की समस्याएं सुनने के बाद राहुल गांधी ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और छात्रों के बिना कोई देश आगे नहीं बढ़ सकता। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा व्यवस्था छात्रों के सवालों से डरती है और युवाओं को अपने भविष्य को लेकर असुरक्षित महसूस हो रहा है।
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में दावा किया कि देश में शिक्षकों के करीब 10 लाख पद खाली हैं। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
‘जब हक की लड़ाई लड़ें, मुझे बुलाइए’
राहुल गांधी ने छात्रों से कहा कि शिक्षा हासिल करना उनका अधिकार है। उन्होंने शिक्षक भर्ती से जुड़े आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि जब भी छात्र अपने अधिकारों के लिए आंदोलन करें, उन्हें बुलाया जाए और वह उनके साथ खड़े रहेंगे।
राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक, भर्ती में देरी और युवाओं के रोजगार से जुड़े मुद्दों को अपने संबोधन का प्रमुख हिस्सा बनाया।
दिल्ली हादसे में जान गंवाने वाले अर्पित जाज के परिजन मंच पर पहुंचे
कार्यक्रम के दौरान दिल्ली में हुए हादसे में जान गंवाने वाले देवास निवासी छात्र अर्पित जाज के परिजन भी राहुल गांधी से मिले। अर्पित की तस्वीर लेकर मंच पर पहुंचे परिजनों ने छात्र की मौत से जुड़े मामले में अपनी पीड़ा सामने रखी। रिपोर्टों के मुताबिक 21 वर्षीय अर्पित जाज की 6 सितंबर को दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत हादसे में मौत हुई थी।
शिक्षक अभ्यर्थियों ने भी रखी अपनी मांग
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। भर्ती और चयन प्रक्रिया से जुड़े लंबित मामलों को लेकर अभ्यर्थियों ने अपनी परेशानियां बताईं। राहुल गांधी ने शिक्षक अभ्यर्थियों के आंदोलन का समर्थन करते हुए उनके प्रदर्शन में शामिल होने की बात भी कही।
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शिक्षा व्यवस्था, भर्ती परीक्षाओं, रोजगार और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से सामने आए। राहुल गांधी ने इन मुद्दों पर सरकार की नीतियों और व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए, जबकि छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए।