दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पाटन जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत पाहंदा (अ) में सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सरपंच ईश्वरवती राजेश्वर ठाकुर के विरुद्ध लाए गए प्रस्ताव पर चर्चा और मतदान के लिए प्रशासन ने विशेष सम्मेलन बुलाने का आदेश जारी किया है। यह बैठक 4 नवंबर को सुबह 11 बजे ग्राम पंचायत भवन में होगी।

16 पंचों ने पेश किया अविश्वास प्रस्ताव
प्रशासन के आदेश के अनुसार, आवेदक गंगाराम पटेल सहित 16 अन्य पंचों ने छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम, 1993 के प्रावधानों के तहत सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की सूचना प्रस्तुत की थी। इसी के आधार पर विशेष सम्मेलन की तारीख तय की गई है।
अतिरिक्त तहसीलदार होंगे पीठासीन अधिकारी
सम्मेलन की अध्यक्षता के लिए अतिरिक्त तहसीलदार पाटन को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया है। मतदान के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी अमलेश्वर को आवश्यक पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायत सचिव को भी सूचना देकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
प्रस्ताव पर फैसले से तय होगी आगे की स्थिति
अब 4 नवंबर को होने वाले सम्मेलन में अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष और विपक्ष में मतदान होगा। प्रस्ताव पारित होता है या खारिज, इसी से सरपंच ईश्वरवती राजेश्वर ठाकुर के पद को लेकर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।