बिलासपुर के देवकीनंदन सभागृह, लाल बहादुर शास्त्री स्कूल परिसर में 4 नवंबर को सहकारिता विभाग की एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें बिलासपुर और मुंगेली जिले की सहकारी समितियों के प्रबंधकों एवं पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला का शुभारंभ बिलासपुर संभाग के संभागायुक्त सुनील जैन और बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।

सहकारिता में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी
कार्यशाला को संबोधित करते हुए संभागायुक्त सुनील जैन ने कहा कि सहकारिता और लोकतंत्र एक-दूसरे के पूरक हैं और दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। उन्होंने बताया कि भारत में वर्ष 1904 में पहली कृषि सहकारी समिति की स्थापना हुई थी।
उन्होंने कहा कि सहकारिता व्यवस्था को मजबूत बनाने में पारदर्शिता और जवाबदेही की अहम भूमिका है। पैक्स (प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति) के कंप्यूटरीकरण को पारदर्शी व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उन्होंने इसकी उपयोगिता और आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही आगामी धान खरीदी में समिति कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने और तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।
धान उपार्जन केंद्रों की लगातार निगरानी के निर्देश
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी को सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया। उन्होंने धान उपार्जन केंद्रों की लगातार निगरानी करने और समितियों को अपनी व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कोऑपरेटिव फार्मिंग, बायोफर्टिलाइजर, बायोगैस और फाइनेंशियल मैनेजमेंट जैसे विषयों पर भी चर्चा की। उन्होंने देश-दुनिया की सफल सहकारी समितियों के प्रयासों से सीखने और उन्हें अपनी समितियों में लागू करने की आवश्यकता बताई।
तीन मास्टर ट्रेनरों ने दिया प्रशिक्षण
कार्यशाला में संयुक्त आयुक्त बसंत कुमार, उपायुक्त सहकारिता बिलासपुर चंद्रशेखर जायसवाल, सहायक आयुक्त मुंगेली और खाद्य नियंत्रक बिलासपुर सहित विभाग के विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे। तीन मास्टर ट्रेनरों ने सहकारिता से जुड़े विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया।
सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक चले कार्यक्रम में समिति प्रबंधकों और पदाधिकारियों को विभागीय कार्यप्रणाली, पारदर्शिता, प्रबंधन तथा आगामी धान खरीदी की तैयारियों से संबंधित जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को सहकारी समितियों की कार्यप्रणाली बेहतर बनाने और अपनी जिम्मेदारियों को समझने की दिशा में उपयोगी पहल बताया।