November 29, 2026

ग्वालियर। बिरला नगर रेलवे स्टेशन के पास 12 अक्टूबर की सुबह मिले 26 वर्षीय दीपक जाटव के शव को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पिता अमर सिंह जाटव और पत्नी गायत्री का आरोप है कि दीपक की पीट-पीटकर हत्या की गई और शव को रेलवे ट्रैक पर डालकर घटना को हादसा दिखाने की कोशिश की गई। परिवार ने मुंशी जाटव और उसके बेटे कल्लू जाटव पर मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद का आरोप

परिजनों के मुताबिक, दीपक बेलदारी और मजदूरी करता था। मुंशी जाटव और उसका बेटा कल्लू उसे शटरिंग और बाजरा कटाई के काम पर अपने साथ रखते थे। परिवार का आरोप है कि करीब एक महीने से दोनों दीपक को अपने घर पर रोककर शराब पिला रहे थे। इसी दौरान पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था।

परिजनों का दावा है कि 6 सितंबर को जब दीपक के ससुर ने उसे भेजने से मना किया, तब आरोपियों ने धमकी दी थी।

पत्नी और भाई को फोन कर मारपीट की बात बताई

परिवार के अनुसार, 11 अक्टूबर की रात करीब 7:56 और फिर 8:51 बजे दीपक ने पत्नी गायत्री और छोटे भाई संदीप को फोन किया था। उसने बताया कि मुंशी और कल्लू उसके साथ मारपीट कर रहे हैं।

संदीप के मुताबिक, सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचा। उसने आरोप लगाया कि दोनों के हाथ में डंडा और लोहे का पाइप था। वह दीपक को अपने साथ ले जाने लगा, लेकिन आरोपियों ने उसे जबरन रोक लिया।

पोस्टमार्टम में चोटों का उल्लेख

12 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे दीपक का शव बिरला नगर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे लाइन पर मिला। पिता अमर सिंह जाटव का आरोप है कि बेटे की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंका गया, ताकि घटना को हादसा बताया जा सके।

परिजनों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दीपक के चेहरे, आंख और पैर पर गंभीर ताजा चोटों का उल्लेख है। रिपोर्ट के अनुसार, चोटें मौत से 12 घंटे से कम समय पहले की थीं। परिवार इन्हीं चोटों के आधार पर हत्या की आशंका जता रहा है।

पत्नी और तीन बच्चों के सामने परवरिश का संकट

दीपक अपने पीछे पत्नी गायत्री और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। परिवार के सामने अब बच्चों की परवरिश का संकट भी है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 12 अक्टूबर की सुबह रेलवे ट्रैक पर मिले शव का नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया गया था। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *