November 17, 2026

कबीरधाम। जिले में वन्य प्राणियों के हमले की दो घटनाएं सामने आई हैं। छपरी गांव में एक सियार ने बाइक सवार ग्रामीण पर हमला कर उसे घायल कर दिया। वहीं, लोहारा वन परिक्षेत्र के कुटकीपारा गांव के पास जंगल में लकड़ी काटने गए एक ग्रामीण पर तेंदुए ने हमला कर दिया। लगातार सामने आ रही घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने सियार को पकड़कर जाली में किया बंद

जानकारी के मुताबिक, रविवार देर शाम छपरी गांव में बाइक से जा रहे एक ग्रामीण पर सियार ने हमला कर दिया। हमले में उसके हाथों में गहरी चोटें आईं। घटना के बाद ग्रामीणों ने सियार को पकड़ लिया और जाली में बंद कर दिया।

लकड़ी काटने गए ग्रामीण पर तेंदुए का हमला

दूसरी घटना लोहारा वन परिक्षेत्र की है। शनिवार शाम कुटकीपारा गांव के पास जंगल में लकड़ी काटने गए एक ग्रामीण पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। हमले में उसके हाथ और कंधे पर गंभीर चोटें आईं। घायल को उपचार के लिए लोहारा उपस्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, उसकी स्थिति फिलहाल सामान्य है।

अब तक पकड़ में नहीं आया तेंदुआ

जिले के अलग-अलग इलाकों में तेंदुए की मौजूदगी की सूचनाएं मिल रही हैं। वन विभाग की टीम उसे पकड़ने के लिए प्रयास कर रही है। इसके लिए जाल और पिंजरे के साथ बकरी को चारे के रूप में रखकर रेस्क्यू की तैयारी की गई है। हालांकि, अब तक तेंदुआ पकड़ में नहीं आया है।

वन्यजीवों की गतिविधियों से ग्रामीणों में चिंता

सियार और तेंदुए के हमले की घटनाओं ने ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। वन विभाग के सामने एक ओर लोगों को सतर्क रखने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की चुनौती है, तो दूसरी ओर वन्यजीवों को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने की जिम्मेदारी भी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *