महासमुंद। कावेरी सीड कंपनी पर किसानों का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाते हुए महासमुंद जिले के किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर चक्काजाम कर दिया है। किसानों का कहना है कि कंपनी ने 85 किसानों से रेघा पर जमीन लेकर प्रति एकड़ 22 से 25 हजार रुपये देने का वादा किया था, लेकिन फसल कटने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया। बार-बार मांग के बावजूद पैसा नहीं मिलने से नाराज किसानों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

डेढ़ साल से भुगतान का इंतजार कर रहे किसान
भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले बेलसोंडा के पास नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर रहे किसानों के मुताबिक, 85 किसानों का कुल 2 करोड़ 38 लाख रुपये बकाया है। किसानों का आरोप है कि वे पिछले डेढ़ साल से कंपनी से भुगतान की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
किसानों का कहना है कि जमीन रेघा पर देने के बदले तय रकम का भुगतान नहीं होने से उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी के विरोध में उन्होंने चक्काजाम का रास्ता अपनाया है।
तहसीलदार और पुलिस मौके पर, वाहनों की लगी कतार
चक्काजाम की सूचना मिलने के बाद तहसीलदार, कृषि विभाग के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंच गए हैं। अधिकारी प्रदर्शनकारी किसानों को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल बातचीत का कोई नतीजा निकलता नजर नहीं आ रहा है।
करीब दो घंटे से जारी चक्काजाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। इससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।