November 11, 2026

इंदौर। इंदौर और धार जिले के रेल यात्रियों के लिए बहुप्रतीक्षित इंदौर-धार रेल प्रोजेक्ट से जुड़ी अहम खबर सामने आई है। परियोजना के तहत करीब 3 किलोमीटर लंबी टीही टनल का सफल ट्रायल पूरा कर लिया गया है। परीक्षण के दौरान पहली बार रेलवे टावर वैगन को सुरंग के आर-पार निकाला गया। वैगन टीही से पीथमपुर की ओर सफलतापूर्वक पहुंची।

इस परीक्षण को परियोजना की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इसके पूरा होने से औद्योगिक नगरी पीथमपुर को रेल नेटवर्क से जोड़ने की राह भी आगे बढ़ी है।

रेलवे अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ परीक्षण

टनल का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद रेलवे ने इसकी तकनीकी स्थिति और दक्षता परखने के लिए परीक्षण किया। टावर वैगन के सुरंग के एक छोर से दूसरे छोर तक सफलतापूर्वक पहुंचने के बाद रेलवे अधिकारियों और इंजीनियरों ने राहत की सांस ली।

इस दौरान रेलवे के चीफ इंजीनियर धीरज कुमार और डिप्टी चीफ इंजीनियर अंकुर सिंह मौजूद रहे। उनकी देखरेख में तकनीकी परीक्षण की प्रक्रिया पूरी की गई।

CRS निरीक्षण के बाद नियमित ट्रेन सेवा की उम्मीद

टीही टनल का ट्रायल पूरा होने के बाद अब रेलवे प्रशासन परियोजना के अगले चरण की तैयारी में जुट गया है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, अक्टूबर के अंत तक कमिश्नर रेलवे सेफ्टी (CRS) की ओर से ट्रैक का निरीक्षण किया जाना प्रस्तावित था।

CRS निरीक्षण पूरा होने और आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद ही इस रेलखंड पर नियमित ट्रेन सेवा शुरू करने का रास्ता साफ होगा। इसके बाद इंदौर और धार के बीच रेल यातायात शुरू होने की उम्मीद है।

पीथमपुर को मिलेगी सीधी रेल कनेक्टिविटी

इंदौर-धार रेल परियोजना का बड़ा लाभ औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर को मिलने की संभावना है। फिलहाल यह क्षेत्र मुख्य रूप से सड़क मार्ग से माल और यात्रियों की आवाजाही पर निर्भर है। रेल कनेक्टिविटी मिलने से उद्योगों को माल ढुलाई में सुविधा मिल सकती है और क्षेत्र के परिवहन नेटवर्क को मजबूती मिलेगी।

लंबे समय से रेल सेवा का इंतजार कर रहे क्षेत्र के लोगों को अब परियोजना के अगले चरण और नियमित ट्रेन संचालन की मंजूरी का इंतजार है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *