सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के जिला अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। करीब 400 बेड का अस्पताल बनकर तैयार है, लेकिन आगजनी जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी फायर सेफ्टी व्यवस्था अब तक पूरी नहीं हो सकी है। हैरानी की बात यह है कि इसके लिए करीब 60 लाख रुपये का टेंडर भी जारी किया गया था, लेकिन सुरक्षा इंतजाम अब भी अधूरे हैं।

ऐसे में अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। सवाल उठ रहा है कि आगजनी की स्थिति में मरीजों को सुरक्षित निकालने और उनकी जान बचाने के लिए अस्पताल के पास क्या इंतजाम हैं?
दो साल पहले जारी हुआ था टेंडर, पुरानी पाइप लगाने का आरोप
जानकारी के अनुसार, अस्पताल में फायर सेफ्टी सिस्टम लगाने के लिए करीब दो साल पहले भोपाल स्तर से टेंडर जारी किया गया था। यह काम छत्तीसगढ़ की कंपनी वीनस इंफ्रास्ट्रक्चर को मिला था। परियोजना की लागत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है।
आरोप है कि कंपनी ने काम शुरू तो किया, लेकिन निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया। फायर सेफ्टी सिस्टम में पुरानी और जंग लगी पाइपें लगाए जाने का भी आरोप है। इसके बाद काम अधूरा छोड़ दिया गया। ऐसे में अस्पताल में फायर सेफ्टी की व्यवस्था अब तक पूरी तरह स्थापित नहीं हो पाई है।
सिविल सर्जन ने भी मानी अधूरी व्यवस्था
जिला अस्पताल की सिविल सर्जन डॉ. कल्पना रवि ने भी फायर सेफ्टी व्यवस्था अधूरी होने की बात स्वीकार की है। उनका कहना है कि इस गंभीर समस्या और सुरक्षा में बरती जा रही लापरवाही को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को कई बार पत्र लिखकर जानकारी दी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
60 लाख के टेंडर के बाद भी सुरक्षा इंतजाम अधूरे
इस मामले में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। करीब 60 लाख रुपये का टेंडर जारी होने के बावजूद फायर सेफ्टी का काम पूरा क्यों नहीं हुआ? पुरानी और जंग लगी पाइप लगाने के आरोपों की जांच क्यों नहीं हुई? संबंधित कंपनी के खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई की गई है?
करीब 400 बेड वाले अस्पताल में आग लगने जैसी आपात स्थिति पैदा होने पर मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालना बड़ी चुनौती हो सकती है। खासकर गंभीर मरीजों और ट्रॉमा सेंटर में भर्ती लोगों के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम बेहद जरूरी हैं।
मरीजों की सुरक्षा के लिए कब होंगे पुख्ता इंतजाम?
अस्पताल में फायर सेफ्टी जैसी बुनियादी सुरक्षा व्यवस्था का अधूरा रहना गंभीर चिंता का विषय है। केवल टेंडर जारी करना या कागजी कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है। जरूरत इस बात की है कि अस्पताल में फायर सेफ्टी सिस्टम जल्द पूरा कराया जाए और उसकी गुणवत्ता की जांच भी हो।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इस मामले में कब तक ठोस कदम उठाते हैं और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।